मुख्य सामग्री पर जाएं

गुरूवार, 22 अक्टूबर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • राजस्थान हाउसिंग बोर्ड (RHB) प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों-जयपुर, भिवाड़ी और अजमेर के किशनगढ़ में शनिवार को नई आवासीय योजनाएं लॉन्च करेगा।
  • पूर्व मंत्री महेश जोशी को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
  • केंद्र सरकार इसी महीने संसद का विशेष सत्र बुला सकती है।
  • कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दीपके तिरंगा रैली में शामिल होने सेंट्रल पार्क जा रहे थे।
राष्ट्रीय

मक्का-मदीना में फंसे भारतीय उमरा यात्रियों की सुरक्षित वापसी की मांग, ओवैसी ने केंद्र सरकार से लगाई गुहार

ल

लोकजीवन संवाददाता

22 अक्टूबर 2026, 05:41 PM 3 मिनट में पढ़ें

मक्का-मदीना में फंसे भारतीय उमरा यात्रियों की सुरक्षित वापसी की मांग, ओवैसी ने केंद्र सरकार से लगाई गुहार

हैदराबाद । ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मक्का, मदीना और जिद्दा में फंसे करीब 4 हजार भारतीय उमरा यात्रियों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया की वापसी उड़ानें रद्द होने के कारण बड़ी संख्या में भारतीय तीर्थयात्री सऊदी अरब में फंसे हुए हैं और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ओवैसी ने कहा कि पिछले दो-तीन सप्ताह से करीब 4 हजार भारतीय नागरिक मदीना, जिद्दा और मक्का में फंसे हैं। ये सभी लोग उमरा करने के लिए सऊदी अरब गए थे। उड़ानों के रद्द होने से उनकी वापसी का रास्ता मुश्किल हो गया है। ओवैसी ने यह भी आरोप लगाया कि कई ट्रैवल एजेंट यात्रियों को उनके हाल पर छोड़ चुके हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि भारत में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया को जेद्दा के लिए उड़ान संचालित करने की अनुमति नहीं मिलने के कारण यात्रियों की वापसी में दिक्कत आ रही है। उन्होंने मांग की कि डीजीसीए इन तीनों एयरलाइनों को तत्काल अनुमति दे, ताकि बड़े विमान भेजकर फंसे हुए भारतीयों को वापस लाया जा सके। ओवैसी ने कहा कि कुछ लोगों को हैदराबाद में ठहराने की व्यवस्था की गई है, लेकिन कुल मिलाकर स्थिति गंभीर बनी हुई है। फंसे हुए यात्रियों को रहने और वापसी की व्यवस्था को लेकर काफी मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं।

असदुद्दीन ओवैसी ने इस पूरे मामले में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, विदेश मंत्री एस जयशंकर और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि डीजीसीए संबंधित एयरलाइनों को उड़ान की अनुमति नहीं देता है, तो केंद्र सरकार को विशेष विमान भेजकर सभी यात्रियों की वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए।

ओवैसी ने इस बात पर जोर दिया कि फंसे हुए यात्रियों में बड़ी संख्या आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों की है। उनके पास सऊदी एयरलाइंस का महंगा टिकट खरीदकर भारत लौटने की पर्याप्त क्षमता नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से जल्द कदम उठाने और सभी उमरा यात्रियों को सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की।

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी राष्ट्रीय की खबरें

और देखें