It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

बहज में खुदाई के दौरान मिले महाभारत काल के अवशेष, कलेक्टर ने किया मौका निरीक्षण
By Lokjeewan Daily - 17-05-2025

डीग। जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने आज पंचायत समिति डीग के ग्राम बहज में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) द्वारा चल रहे उत्खनन स्थल का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद पुरातत्वविदों से अब तक मिले प्राचीन अवशेषों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। ब्रज क्षेत्र में स्थित यह स्थल प्राचीन सभ्यताओं के अनमोल खजाने के रूप में उभरा है, जो एएसआई के लिए एक महत्वपूर्ण खोज है। अपने निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर कौशल ने उत्खनन स्थल पर विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों के संरचनाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्थल से प्राप्त विभिन्न कलाकृतियों और वस्तुओं को देखा और उनके ऐतिहासिक महत्व को समझा। इस दौरान एएसआई के कर्मचारी लगातार उत्खनन कार्य में जुटे रहे और उन्होंने कलेक्टर को खोजों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कौशल ने कुषाण काल से लेकर महाभारत काल तक के बताए जा रहे अवशेषों के नमूनों का भी निरीक्षण किया और स्वयं गहराई तक जाकर साइट का जायजा लिया। एएसआई अधिकारियों ने कलेक्टर को स्थल की ऐतिहासिक महत्ता के बारे में विस्तार से बताया। उल्लेखनीय है कि कल, 18 मई रविवार को डीग के जल महल स्थित नंद भवन में बहज उत्खनन स्थल से प्राप्त विभिन्न कालखंडों की वस्तुओं की एक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
यह प्रदर्शनी आम जनता, इतिहासकारों, छात्रों और पुरातत्व में रुचि रखने वालों के लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी सिद्ध होगी। बहज की यह खोज ब्रज क्षेत्र के समृद्ध इतिहास और संस्कृति पर नया प्रकाश डालती है। यह स्थल विशेष रूप से कुषाण, शुंग, मौर्य और महाजनपद काल के साथ-साथ महाभारत काल के महत्वपूर्ण अवशेषों का केंद्र है।

अन्य सम्बंधित खबरे