It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

मारवाड़ महोत्सव 2024 : सूर्य आराधना और हैरिटेज वॉक के साथ शानदार शुरुआत
By Lokjeewan Daily - 16-10-2024

जोधपुर। मारवाड़ महोत्सव 2024 का भव्य आगाज आज सुबह 6 बजे सूर्य आराधना से हुआ, जिसमें राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति की झलकियों ने एक अद्वितीय माहौल बनाया। हेरिटेज वॉक, शोभायात्रा, बीएसएफ का केमल टेटू शो और सैन्य शस्त्र प्रदर्शनी जैसी शानदार गतिविधियों से महोत्सव की शुरुआत हुई।

पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य देसी-विदेशी पर्यटकों को राजस्थान की अनमोल संस्कृति से परिचित कराना है। सहायक निदेशक डॉ. सरिता फिरोदा ने बताया कि यह महोत्सव राजस्थान की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करता है। महोत्सव के दौरान 16 और 17 अक्टूबर को कई आकर्षक और मनोरंजक कार्यक्रम होंगे, जिनमें शाम को नामी सेलिब्रिटी और लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

उम्मेद राज स्टेडियम में पतंगबाजी और शोभायात्रा
मेहरानगढ़ फोर्ट से शुरू हुई हेरिटेज वॉक ने पुराने जोधपुर की गलियों से होकर पर्यटकों को इतिहास और संस्कृति से जोड़ दिया। इसके बाद शोभायात्रा ने राजकीय उम्मेद स्टेडियम तक अपना सफर तय किया, जहां बीएसएफ के केमल टेटू शो और सैन्य शस्त्र प्रदर्शनी के साथ पतंगबाजी का भी आयोजन हुआ। पतंगों की रंग-बिरंगी दुनिया ने माहौल को और भी खूबसूरत बना दिया।

दोपहर में रोमांचक प्रतियोगिताएं
आज दोपहर मूंछ प्रतियोगिता, साफा बांध प्रतियोगिता, मारवाड़ श्री प्रतियोगिता, मिस मारवाड़ा प्रतियोगिता, रस्सा कसी और मटका दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। इसके बाद शाम को सम्राट अशोक उद्यान में हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक संध्या में मशहूर लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

17 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम
महोत्सव के दूसरे दिन, ओसियां में ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताएं और पतंगबाजी के साथ फूड एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी, कैमल सफारी का आयोजन किया जाएगा। शाम को फिर से सांस्कृतिक संध्या में रंगारंग प्रस्तुतियों के बाद शानदार आतिशबाजी के साथ महोत्सव का समापन होगा।

प्रचार की कमी के चलते कम दिखे लोग
हालांकि महोत्सव का आयोजन बड़े स्तर पर किया गया, लेकिन पर्यटन विभाग की ओर से प्रचार प्रसार की कमी के कारण पहले दिन ज्यादा लोग नहीं जुट पाए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कलाकार और कुछ स्थानीय लोग ही नजर आए, जो आयोजन की व्यापकता के लिहाज से अपेक्षित नहीं था।

अन्य सम्बंधित खबरे