It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट से उबरा: मोदी - प्रधानमंत्री मोदी ने देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का किया उद्घाटन
By Lokjeewan Daily - 04-07-2026

- जयपुर मेट्रो के फेज-2 की वर्चुअल आधारशिला भी रखी 
- राजस्थान का हो रहा विकास: सीएम शर्मा                    
बालोतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर करीब 12 बजे बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचे। यहां देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी के कंट्रोल रूम को देखा और एक्सपट्र्स से बात की। इसके बाद 79459 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से निर्मित रिफाइनरी का उद्घाटन किया। 13 हजार करोड़ की लागत के जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला वर्चुअल रखी।
प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गर्मी के इस मौसम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना यह दिखाता है भाजपा सरकार के प्रयासों पर आपका विश्वास कितना बुलंद है। मैं इस समर्थन के लिए राजस्थान की माटी का ऋणी हूं। आज राजस्थान की इस धरती से भारत ने विकसित होने, आत्मनिर्भर होने की दिशा में बहुत बड़ा कदम उठाया है। आज का दिन साक्षी है कि भाजपा सरकारें परियोजनाओं का शिलान्यास करके नहीं छोड़तीं। हम उनको पूरा करने में दिन-रात एक कर देते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा-दो महीने पहले रिफाइनरी में जो हादसा हुआ, उसके बाद इतनी तेजी से काम पूरा करना, ये कठिन परिश्रम का परिणाम है। सभी ने दिखा दिया, चुनौती कितनी भी बड़ी क्यों न हो, नया भारत अपने संकल्पों से न तो पीछे हटता है और न ही रफ्तार कम करता है। मोदी ने कहा- पश्चिमी एशिया में हुए युद्ध के कारण 21वीं सदी का सबसे बड़ा ऊर्जा संकट पैदा हो गया था। इस दौरान भारत की दृढ़ शक्ति के कारण सबसे बड़ा संकट भी छोटा हो गया। भारत ने इस दौरान अपने संसाधनों का सही इस्तेमाल किया।
पीएम ने कहा-युद्ध के कारण जो हालात पैदा हुए, उसके कारण घरेलू गैस के दाम 2 हजार रुपए तक जा सकते थे। सरकार ने इसको लेकर बेहतर मैनजमेंट किया। इसी का परिणाम है, सिलेंडर 950 रुपए के करीब मिल रहा है। अप्रैल से जून के बीच पेट्रोल-डीजल से ही कंपनियों को 75 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ। ये इतना बड़ा था कि एक नई रिफाइनरी बन जाए। ये घाटा सरकारी खजाने से भरा गया।
इससे पूर्व, मंच पर पहुंचते ही मोदी ने हाथ जोडक़र सभी का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री को शॉल ओढ़ाकर, झरोखा भेंट किया। सीएम शर्मा ने कहा कि राजस्थान में विकास कार्य लगातार हो रहा है। राजस्थान बिजली के क्षेत्र में सरप्लस स्थिति में आ गया है । यमुना जल समझौते के साथ शेखावटी के 75 लाख लोगों को पेयजल मिलेगा। राजस्थान में नर्मदा का पानी भी आ गया है।

रिफाइनरी के काम में देरी की: पेट्रोलियम मंत्री
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि कांग्रेस ने रिफाइनरी के काम में देरी की। कांग्रेस राज में जरूरी कामों के लिए भी मंजूरी नहीं मिलती थी। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के बंद होने के बावजूद भी देश में एक भी पेट्रोल पंप ड्राई नहीं हुआ। पिछले चार साल में पेट्रोल और डीजल के दाम कम हुए हैं। दुनिया भर में क्रूड के दाम 40 से 50 प्रतिशत बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि यह ऑयल रिफाइनरी राजस्थान के लिए साधारण नहीं है। यह हमारी 24वीं रिफाइनरी है। इसको विश्वस्तर के मापदंडों पर तैयार किया गया है।

रिफाइनरी कर्मचारियों से मिले, पौधा लगाया
पीएम मोदी ने रिफाइनरी में काम करने वाले कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। पीएम मोदी कंट्रोल विंग में पहुंचकर इंजीनियरों से रिफाइन होने वाले तेल को लेकर जानकारी ली। उनके साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी आदि मौजूद रहे। रिफाइनरी के उद्घाटन से पहले रिफाइनरी पर बनी फिल्म भी देखी। रिफाइनरी परिसर में पौधा लगाया।

युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे, टैंकर्स को हरी झंडी दिखाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पचपदरा रिफाइनरी में हुए कार्यक्रम के दौरान 5 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी के टैंकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जोधपुर एयरपोर्ट: 480 करोड़ के नए टर्मिनल का उद्घाटन
- उड़ान योजन के सेकेंड फेज की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10:40 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां उन्होंने नए टर्मिनल का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उड़ान योजना के सेकेंड फेज की शुरुआत की। मोदी को टर्मिनल का प्रजेंटेशन भी दिखाया गया। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सिविल एविएशन मंत्री राममोहन नायडू समेत कई अन्य मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे। मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल को देखा। एयरपोर्ट में हुए काम की तारीफ भी की। सिविल एविएशन मंत्री ने एयरपोर्ट के मॉडल के जरिए नए टर्मिनल के बारे में बताया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर पीएम मोदी का आभार जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 480 करोड़ रु. की लागत से निर्मित जोधपुर हवाई अड्डे के नए भव्य टर्मिनल भवन का उद्घाटन क्षेत्र के प्रगति पथ पर एक मील का पत्थर है। 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह आधुनिक टर्मिनल प्रति वर्ष 20 लाख यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने में सक्षम है। राजस्थान की विरासत, झरोखों और मेहराबों से सुसज्जित यह भवन सतत विकास का अनुपम उदाहरण है। इस सौगात से मारवाड़ में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों को अभूतपूर्व विस्तार मिलेगा।
उड़ान 2.0 योजना: टियर-2 और 3 शहरों में कनेक्टिविटी बढ़ेगी
केंद्र सरकार के मुताबिक 100 नए एयरपोट्र्स बनाने के लिए सरकार उन एयरस्ट्रिप्स का इस्तेमाल करेगी जो अब तक इस्तेमाल में नहीं हैं। हर एयरपोर्ट पर करीब 100 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके लिए 12,159 करोड़ रुपए का अलग से बजट रखा गया है। इसके अलावा हिमालयी राज्यों, नॉर्थ-ईस्ट और द्वीपों के लिए 200 नए हेलीपैड्स बनाए जाएंगे। इसके लिए 3,661 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं, ताकि पहाड़ी, दुर्गम इलाकों में भी अच्छी कनेक्टिविटी हो।

अन्य सम्बंधित खबरे