It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर भाजपा का मेगा शो, आईजीआई स्टेडियम में होगा भव्य कार्यक्रम
By Lokjeewan Daily - 05-10-2026

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी बड़े स्तर पर जश्न की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इस ऐतिहासिक मौके पर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह कार्यक्रम भाजपा के 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत चल रहे देशव्यापी जश्न का सबसे अहम हिस्सा होगा। इस कार्यक्रम में पार्टी के शीर्ष नेता, सांसद, विधायक, हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। तब से लेकर अब तक उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे हो रहे हैं। भाजपा इसे केवल एक राजनीतिक जश्न नहीं बल्कि सेवा और सुशासन के 25 साल के तौर पर मना रही है।
इसी कड़ी में 7 अक्टूबर को हरियाणा में 'सेवा ज्योति यात्रा' के बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कुरुक्षेत्र में सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे। वहीं, भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी जींद में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। हरियाणा का प्रभारी बनाए जाने के बाद यह उनका राज्य का पहला दौरा होगा, जिसको लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।
पार्टी ने देशभर में सेवा पखवाड़ा, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, युवाओं के साथ संवाद जैसे कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है। भाजपा का लक्ष्य इस मौके पर मोदी सरकार की 25 साल की यात्रा और उनके सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाना है।
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होने वाला कार्यक्रम इस अभियान का मुख्य आकर्षण होगा, जहां से प्रधानमंत्री मोदी देशभर के कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प का मंत्र देंगे।

अन्य सम्बंधित खबरे