It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

खाकी के चेहरे पर चढ़ा फागुनी रंग, ड्यूटी के बाद अब पुलिस परिवार ने बांटी खुशियां - अपनों के बीच जमकर किया नृत्य
By Lokjeewan Daily - 05-03-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। शहर की पुलिस लाइन गुरुवार को पूरी तरह फागुनी मस्ती के रंग में सराबोर नजर आई। मौका था पुलिस परिवार के स्नेह मिलन और होली महोत्सव का। जहां अनुशासन की सख्त वर्दी पहनने वाले हाथ आज गुलाल और अबीर से रंगे दिखे, तो वहीं ड्यूटी की थकान को पीछे छोड़ पुलिसकर्मी ढोल की थाप पर थिरकते नजर आए। अमूमन शहर जब त्योहार मनाता है, तब पुलिस के जवान सडक़ों पर मुस्तैदी से सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे होते हैं। इसी त्याग की भरपाई गुरुवार को पुलिस लाइन के मैदान में हुई। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में रैंक की दीवारें ढह गईं। क्या सिपाही और क्या बड़े अधिकारी, हर कोई एक-दूसरे को सतरंगी गुलाल लगाकर गले मिलता नजर आया। साउंड सिस्टम पर बजते राजस्थानी और होली के गानों ने समां बांध दिया। एसपी यादव खुद को रोक नहीं पाए और अपने मातहतों के साथ नृत्य कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पूरा माहौल उमंग और आपसी भाईचारे के रंग में रंगा रहा। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने भावुक होते हुए कहा, होली के मुख्य पर्व पर पुलिसकर्मी ड्यूटी में व्यस्त रहने के कारण अपने घरों से दूर रहते हैं। ऐसे में यह आयोजन उन्हें अपनेपन का अहसास कराता है। पूरा पुलिस परिवार एक साथ खुशियां बांटकर नई ऊर्जा प्राप्त करता है।  उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने के लिए शहर के नागरिकों का आभार भी व्यक्त किया और कहा कि जनता का सहयोग ही पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

अन्य सम्बंधित खबरे