It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

पन्नू हत्या साजिश मामले में निखिल गुप्ता को 24 साल की सजा, न्यूयॉर्क कोर्ट में गुनाह कबूल
By Lokjeewan Daily - 14-02-2026

नई दिल्ली। प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन 'सिख फॉर जस्टिस' (SFJ) के सरगना और घोषित आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका की एक अदालत ने 24 साल के कारावास की सजा सुनाई है। शुक्रवार को न्यूयॉर्क की अदालत में पेशी के दौरान निखिल गुप्ता ने अपने ऊपर लगे सभी गंभीर आरोपों को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद कोर्ट ने यह फैसला सुनाया। तीनों मुख्य आरोपों को किया स्वीकार अमेरिकी अटॉर्नी ऑफिस और FBI द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, निखिल गुप्ता (उर्फ निक) ने 'सेकंड सुपरसिडिंग इंडिक्टमेंट' के तहत खुद पर लगे तीन प्रमुख आरोपों को कबूल किया है, जिसमें मर्डर-फॉर-हायर (सुपारी देकर हत्या की कोशिश), मर्डर-फॉर-हायर की साजिश रचना, मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश शामिल है।
सजा का औपचारिक ऐलान 29 मई को किया जाएगा। FBI ने स्पष्ट किया कि यह साजिश एक अमेरिकी नागरिक (पन्नू) के विरुद्ध रची गई थी, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।
साजिश की 'टाइमलाइन' : 15 हजार डॉलर की एडवांस पेमेंट और हिटमैन का जालअमेरिकी प्रॉसिक्यूटर्स द्वारा कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट के अनुसार, यह पूरी साजिश किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं थी:
मई 2023 : साजिश की शुरुआत हुई। आरोप है कि भारत के एक पूर्व अधिकारी (विकास यादव/CC-1) ने निखिल गुप्ता को इसके लिए तैयार किया।
हिटमैन और अंडरकवर एजेंट : निखिल ने जिस व्यक्ति को पन्नू की हत्या के लिए 'हिटमैन' समझा, वह असल में अमेरिकी जांच एजेंसी का अंडरकवर एजेंट निकला।
9 जून 2023 : हत्या के लिए कुल 1 लाख डॉलर (करीब 84 लाख रुपये) की डील हुई, जिसमें से 15 हजार डॉलर की एडवांस पेमेंट एक माध्यम के जरिए भिजवाई गई।
निज्जर की हत्या का कनेक्शन : कनाडा में आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या (18 जून) के बाद निखिल ने कथित तौर पर हिटमैन से कहा कि "अब इंतजार की जरूरत नहीं है, काम आगे बढ़ाओ।"
चेक रिपब्लिक से न्यूयॉर्क तक का सफर
निखिल गुप्ता को 30 जून 2023 को चेक रिपब्लिक में गिरफ्तार किया गया था। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद 14 जून 2024 को उसे अमेरिका प्रत्यर्पित (Extradite) किया गया। शुरुआत में खुद को निर्दोष बताने वाले निखिल ने आखिरकार न्यूयॉर्क कोर्ट में अपने अपराध स्वीकार कर लिए हैं।
विकास यादव और भारत सरकार का रुख
अमेरिकी एजेंसी FBI ने इस मामले में विकास यादव (पूर्व रॉ अधिकारी) की तस्वीरें जारी कर उन्हें 'वांटेड' घोषित किया है। उन पर हत्या की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय ने 17 अक्टूबर 2024 को स्पष्ट कर दिया था कि जिस व्यक्ति का नाम अमेरिकी चार्जशीट में है, वह अब भारत सरकार का कर्मचारी नहीं है।
आतंकी पन्नू का प्रोफाइल
गुरपतवंत सिंह पन्नू, जो पंजाब के खानकोट का निवासी है, वर्तमान में अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता रखता है। भारत सरकार ने 1 जुलाई 2020 को उसे UAPA के तहत आतंकी घोषित किया था। वह 'रेफरेंडम' की आड़ में पंजाब में अलगाववाद और हिंसा को बढ़ावा देने के कई मामलों में वांछित है।

अन्य सम्बंधित खबरे