It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

सत्ता के केंद्र में बैठा व्यक्ति यदि जाति, धर्म से चिपका रहेगा तो मुल्क का विकास असंभव : सीएम सम्राट चौधरी
By Lokjeewan Daily - 28-05-2026

पटना । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को स्पष्ट रूप से कहा कि भ्रष्टाचार और अपराध को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग हैं, जो अपराधियों में भी जाति, धर्म की बात करते हैं, लेकिन मेरा मानना है कि अपराधियों का कोई जाति, धर्म नहीं होता है। उन्होंने कहा कि सत्ता के केंद्र में बैठा व्यक्ति यदि जाति, धर्म से चिपका रहेगा तो मुल्क का कभी विकास नहीं होगा। बिहार के लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अपराधियों को 48 घंटे के अंदर जवाब दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विनायक दामोदर सावरकर की जीवनी पर आधारित पुस्तक 'वीर सावरकर की जीवनी' का लोकार्पण किया। बिहार विधान परिषद के उप भवन सभागार में महान स्वतंत्रता सेनानी वीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के अवसर पर आयोजित पुस्तक लोकार्पण समारोह में उन्होंने वीर विनायक दामोदर सावरकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। सीएम सम्राट चौधरी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मैं इन बातों से सहमत नहीं हूं कि वीर सावरकर जी गुमनाम हैं। आज देश का हर व्यक्ति और बच्चा उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्रभक्ति से अवगत है। इसमें कहीं दो मत नहीं हैं कि अंग्रेजों और कुछ भारतीय इतिहासकारों ने हमारे अनेक स्वतंत्रता सेनानियों को गुमनाम रखने का भरपूर प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मानना है कि पहले भारत को, फिर पार्टी को और तब व्यक्ति को बचाना है। जिस पार्टी के लिए नेशन फर्स्ट हो, उसके लिए सावरकर जैसे वीर ही महापुरुष होंगे।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि बिहार में वीर सावरकर पर रिसर्च कर रूपरेखा तैयार की जाएगी ताकि यहां के नौजवान उनसे प्रेरणा ले सकें। हम लोग नेशन फर्स्ट वाले हैं और इसी विचारधारा के माध्यम से बिहार समृद्ध बन सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में ऐसे मॉडल स्कूल स्थापित किया जाएगा, जिनमें बड़े-बड़े कान्वेंट स्कूलों को छोड़कर बच्चे नामांकन कराएंगे।
उन्होंने कहा कि यह ज्ञान की धरती है और ज्ञानार्जन से ही बिहार समृद्ध होगा। कुछ लोग शॉर्टकट के माध्यम से आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, उन्हें बेऊर जेल ही जाना पड़ता है। गलत तरीके से धनार्जन करने वाले व्यक्ति को लगातार अदालत के चक्कर काटने पड़ते हैं। यहां भ्रष्टाचार करने वालों के लिए बेऊर जेल का गेट हमेशा खुला है।
उन्होंने कहा, "वीर सावरकर से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण किया जा सकता है तथा बिहार को समृद्ध बनाया जा सकता है। बिहार सरकार ने यह फैसला लिया है कि अब कोई भी सरकारी कर्मचारी विदेश यात्रा पर नहीं जाएगा। बिहार के युवा जो रोजगार और नौकरी के लिए बाहर गए हैं, हम लोग उन्हें वापस बिहार में लाकर उनके लिए रोजगार और नौकरी उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि अब सरकार ने तय किया है कि 50 करोड़ रुपए तक का कॉन्ट्रैक्ट बिहार के लोगों को ही मिलेगा ताकि बिहार का पैसा बिहार में ही रहे, तभी बिहार समृद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर राष्ट्रवाद के प्रतीक हैं, उनके आदर्शों को बिहार की जमीन पर उतारने का काम किया जाएगा।

अन्य सम्बंधित खबरे