It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

शिक्षा मात्र डिग्री देने वाली नहीं, कौशल विकास करने वाली होनी चाहिए: स्वामी गोविन्ददेव गिरी
By Lokjeewan Daily - 19-06-2026

- श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास कोषाध्यक्ष ने किया प्रभुलाल जगदीशप्रसाद सोमानी माहेश्वरी हॉस्टल का शुभारंभ
भीलवाड़ा लोकजीवन। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास अयोध्या के कोषाध्यक्ष विख्यात धर्मगुरु स्वामी गोविन्द देव गिरी जी महाराज ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है और यही आजीविका का माध्यम है। शिक्षा ही जीवन जीने के सूत्र प्रदान करती है लेकिन वर्तमान भारतीय शिक्षा प्रणाली केवल डिग्री या प्रमाणपत्र प्रदान करने वाली होने से सफल नहीं है।
स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज आज सुबह तेरापंथ नगर सभागार में
ए.बी.माहेश्वरी एजुकेशनल ट्रस्ट भीलवाड़ा द्वारा नवनिर्मित श्री प्रभुलाल जगदीशप्रसाद सोमानी माहेश्वरी हॉस्टल के शुभारंभ समारोह में संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने 200 फीट रोड  पर द ग्रीन्स कॉलोनी के पास हॉस्टल का शुभारंभ किया। स्वामी गोविंद देव गिरी जी ने कहा कि शिक्षा डिग्री देने तक सीमित नहीं होकर छात्र का कौशल विकास करने वाली होनी चाहिए। डिग्री लेकर नौकरी पाना ही शिक्षा का लक्ष्य नहीं होना चाहिए। जीवन तभी सुखी हो पाएगा जब शिक्षा छात्र का स्र्वांगीण विकास करने वाली होगी। श्री कृष्ण जन्मभूमि न्यास मथुरा के उपाध्यक्ष गोविंद देव गिरी जी महाराज ने छात्रावास निर्माण करने वाले सोमानी परिवार को साधुवाद अर्पित करते हुए कहा कि जीवन में अर्थ की सार्थकता तभी है जब उसका उपयोग दूसरों की जिंदगी संवारने में भी हो सके। छात्रावास के माध्यम से छात्र बेहतर सुविधायुक्त माहौल में अध्ययन करने के साथ जीवन को सार्थक बनाने की पहल कर सकते है। किसी की शिक्षा प्राप्ति में सहायक बनना भी जीवन को सार्थक बनाता है।
मुख्य अतिथि सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एवं भारतीय विधि आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी ने कहा कि छात्रावास निर्माण की पहल अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी है। इस तरह के कार्य युवा प्रतिभाओं को बेहतर अध्ययन के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करते है। शहरों में प्रतिभावान जरूरतमंद छात्रों की आवास सम्बन्धी समस्याओं के निराकरण में ऐसी पहल बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा शिक्षा और कौशल में किसी से कम नहीं है ओर उनकी प्रतिभा को पूरी दुनिया पहचान अवसर प्रदान कर रही है।
विशिष्ट अतिथि प्रमुख उद्योगपति व समाजसेवी रामपाल सोनी एवं अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा ने कहा कि इस तरह के कार्य से प्रतिभावान छात्रों को शहर में उच्च अध्ययन व कोचिंग के लिए बेहतर आवासीय सुविधा प्राप्त हो सकेगी। विशिष्ट अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल व विधायक अशोक कोठारी रहे।
इनका भी मिला सान्निध्य
भीलवाड़ा में द ग्रीन्स कॉलोनी के पास 200 फीट रिंग रोड पर अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के तत्वावधान में ए.बी.माहेश्वरी एजुकेशनल ट्रस्ट भीलवाड़़ा द्वारा नवनिर्मित श्री प्रभुलाल जगदीश प्रसाद सोमानी माहेश्वरी छात्रावास के उद्घाटन समारोह में महामण्डलेश्वर अनंत  देव जी महाराज, हरिशेवाधाम के महामण्डलेश्वर हंसरामजी महाराज, पंचमुखी दरबार के महंत लक्ष्मणदास जी त्यागी का भी सानिध्य रहा।
15 करोड़ का हॉस्टल, 104 छात्रों की क्षमता
सोमानी परिवार के नवनीत सोमानी ने बताया कि 104 छात्रों की आवास की क्षमता वाले करीब 15 करोड़ की लागत से निर्मित छह मंजिला छात्रावास में सर्वसुविधायुक्त ए.सी. कक्ष, भोजन कक्ष, कैफेटेरिया, कम्प्यूटर लैब, 100 छात्रों की क्षमता वाला हॉल, सीसीटीवी कैमरा, दो लिफट आदि की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इसे सामाजिक स्तर पर लागत मूल्य पर संचालित किया जाएगा। मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि अतिथियों का स्वागत ए.बी.माहेश्वरी एजुकेशनल ट्रस्ट भीलवाड़ा के जगदीशप्रसाद सोमानी, श्यामसुंदर सोमानी, नवनीत सोमानी, श्लोक सोमानी आदि ने किया। संचालन जगदीश कोगटा ने किया।

अन्य सम्बंधित खबरे