It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

एमजीएच में गुंडागर्दी : घायल परिवार की कुशलक्षेम पूछने आए युवक पर हमला, तीन गिरफ्तार
By Lokjeewan Daily - 20-06-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन।  शहर के महात्मा गांधी जिला अस्पताल परिसर से सुरक्षा व्यवस्था को तार-तार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर कुछ असामाजिक तत्वों ने एक युवक पर लात-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरी वारदात वहां तैनात होमगार्ड कर्मियों की मौजूदगी में होती रही, लेकिन वे मूकदर्शक बने रहे। सूचना पर पहुंची भीमगंज थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित विवेक शर्मा एक सडक़ हादसे में घायल हुए परिवार का हालचाल जानने और उनकी मदद करने के लिए महात्मा गांधी जिला अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान इमरजेंसी वार्ड के बाहर अज्ञात कारणों को लेकर तीन युवकों ने विवेक को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। इंसानियत के नाते अस्पताल पहुंचे युवक को खुद ही इस बेरहमी का शिकार होना पड़ा। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में होमगार्ड के जवान तैनात थे, लेकिन उन्होंने हमलावरों को रोकने का कोई खास प्रयास नहीं किया। सुरक्षाकर्मियों की इस निष्क्रियता के चलते अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर सरेआम हुई इस गुंडागर्दी से वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल पैदा हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही भीमगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित विवेक शर्मा पर हमला करने वाले तीनों आरोपियों को शांति भंग के आरोप में धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अन्य सम्बंधित खबरे