It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

प्रधानमंत्री ने वितरित की 2400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि
By Lokjeewan Daily - 20-06-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत नगर निगम टाउन हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। सीधा प्रसारण नई दिल्ली से किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना के तहत देशभर के लाभार्थियों एवं नियोक्ताओं को 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का बटन दबा कर वितरण किया। इस पहल से देशभर में लगभग 15 लाख रोजगारों को सहायता प्राप्त हुई है।
कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा विधायक भीलवाड़ा अशोक कुमार कोठारी विशिष्ट अतिथि थे। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, एडीएम सिटी प्रतिभा देवठिया मौजूद  रहे। सांसद अग्रवाल ने बताया कि यह योजना रोजगार सृजन, रोजगार के औपचारिकीकरण तथा सामाजिक सुरक्षा कवरेज के विस्तार की दिशा में भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। पहली बार नौकरी प्राप्त करने वाले पात्र कर्मचारियों को 15,000 रुपये तक का प्रोत्साहन तथा अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को प्रति अतिरिक्त कर्मचारी 3,000 रुपये प्रतिमाह तक का प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है। विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र के नियोक्ताओं को चार वर्षों तक तथा अन्य क्षेत्रों के नियोक्ताओं को दो वर्षों तक प्रोत्साहन का लाभ दिया जाएगा।
विधायक कोठारी ने कहा कि रोजगार सृजन के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाना भी इस योजना का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इससे युवाओं को स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार मिलने के साथ-साथ देश की आर्थिक प्रगति को भी नई गति मिलेगी। कलेक्टर जसमीत सिंह संध, क्षेत्रीय आयुक्त प्रथम एवं  नोडल अधिकारी राकेश नायक ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में ईपीएफओं कार्यालय भीलवाड़ा से इन्फोर्समेन्ट ऑफिसर सुनील कुमार गुप्ता, सुनील कुमार थाडा, अमित सैनी एवं बीएम शर्मा सहित विभिन्न उद्योग एवं व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों, नियोक्ताओं, कर्मचारियों तथा अन्य हितधारकों ने  भाग लिया। ड्रग फैक्ट्री पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध फार्म हाउस ध्वस्त
- एमडी ड्रग्स बरामदगी के बाद राजस्व विभाग का बड़ा एक्शन
- आरोपियों के अंतरराज्यीय नेटवर्क से तार जुड़े होने की संभावना
बिजौलिया। चंपापुर गांव की पहाडिय़ों के बीच संचालित अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री के खुलासे के बाद शनिवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध फार्म हाउस पर बुलडोजर चला दिया। हाल ही में करोड़ों रुपए की एमडीएमए ड्रग्स बरामदगी के मामले में चर्चा में आए इस निर्माण को राजस्व विभाग ने अतिक्रमण मानते हुए ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान गिरदावर संजय पाराशर, पटवारी दिनेश चौधरी तथा संबंधित खाताधारक मौके पर मौजूद रहे।
खाताधारकों की मौजूदगी में हटाया गया अतिक्रमण
राजस्व विभाग की टीम ने भूमि रिकॉर्ड और मौके की रिपोर्ट के आधार पर जांच की। जांच में सामने आया कि संबंधित निर्माण मूल खाताधारकों की जानकारी और स्वीकृति के बिना अतिक्रमण कर खड़ा किया गया था। सत्यापन के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में स्पष्ट विसंगतियां मिलने पर यह कदम उठाया गया।
पहाडिय़ों में चल रही थी गुप्त ड्रग फैक्ट्री
कुछ दिन पूर्व बिजौलिया पुलिस ने चंपापुर की पहाडिय़ों में संचालित एक गुप्त एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई में करीब 36 किलोग्राम एमडीएमए, बड़ी मात्रा में रसायन और ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फार्म हाउस का उपयोग अवैध मादक पदार्थ निर्माण और भंडारण के लिए किया जा रहा था। मामले के खुलासे के बाद पूरे जिले में हडक़ंप मच गया था। इस पूरे मामले में  पुलिस के सूचना तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विश्वसनीय सूचना के आधार पर शुरू हुई कार्रवाई ने जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी पुलिस कार्रवाई का रूप ले लिया। समय रहते दबिश दिए जाने से करोड़ों रुपए की ड्रग्स बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई। नरेश सुखवाल के नेतृत्व में लगातार मादक पदार्थ तस्करी के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं तार
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स के कच्चे माल, सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि मामले के तार किसी बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। वहीं ड्रग फैक्ट्री पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अन्य सम्बंधित खबरे