It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

शव नहीं उठाने पर अड़े परिजन, हत्या के आरोप में ग्रामीणों का उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन
By Lokjeewan Daily - 24-06-2026

- आरोपियों की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग  
- शव का मेडिकल बोर्ड से किया जाएगा पोस्टमार्टम
भीलवाड़ा /गंगापुर लोकजीवन। सहाड़ा चौराहा स्थित मेला मैदान के निकट युवक का शव मिलने के मामले ने बुधवार को तूल पकड़ लिया। मृतक के परिजनों, ग्रामीणों और समाजजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जोरदार प्रदर्शन किया तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। मामले को लेकर क्षेत्र में दिनभर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चीडख़ेड़ा ग्राम पंचायत के कुम्हारिया खेड़ा निवासी भेरूलाल कुम्हार (30) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि भेरूलाल रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन मंगलवार को उसका शव सहाड़ा चौराहा स्थित मेला मैदान के पास मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर मोर्चरी पहुंचे और शव उठाने से इनकार कर दिया। उनका आरोप था कि भेरूलाल की हत्या की गई है और जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। देखते ही देखते ग्रामीणों और समाज के लोगों का आक्रोश प्रदर्शन में बदल गया। लोगों ने निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले का जल्द खुलासा करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजजन और परिजन उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग रखी। ज्ञापन में शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने, मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सामान्य जांच पर्याप्त नहीं होगी। इसलिए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर सच्चाई सामने लाई जाए तथा वैज्ञानिक जांच के आधार पर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कराने तथा नियमानुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। इधर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है, जबकि पूरे घटनाक्रम पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।

अन्य सम्बंधित खबरे