It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

साडू के घर खूनी खेल : पत्नी की गला दबाकर की हत्या, पति ने फंदे पर झूलकर दी जान - हंसता-खेलता परिवार एक रात में तबाह - मौत से दो मासूमों के सिर से उठा साया
By Lokjeewan Daily - 06-07-2026

भीलवाड़ा/सवाईपुर लोकजीवन। हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के आमली बरडोद गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मिलने आए साडू के मकान में एक दंपती ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पति ने पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर और लोहे की फेट (मुक्के) मारकर हत्या की, और फिर खुद भी फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही हमीरगढ़ थाना प्रभारी (सीआई) सुनील बेड़ा जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
खेत से वापस बुलाया, फिर वारदात को दिया अंजाम
हमीरगढ़ पुलिस के अनुसार, बड़लियास थाना क्षेत्र के बनकाखेड़ा निवासी कालू (30) पुत्र देवीलाल जाट अपनी पत्नी दुर्गा देवी (28) के साथ रविवार शाम करीब 7 बजे आमली बरडोद स्थित अपने साडू जगदीश जाट के घर मिलने आया था। सोमवार सुबह साडू जगदीश, उसकी पत्नी और दुर्गा तीनों पास ही के खेत पर गुलाब के फूल तोडऩे के लिए निकले थे। अभी वे खेत पहुंचे ही थे कि पीछे से कालू ने फोन कर कहा कि घर पर बच्चे की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए उन्हें तुरंत गांव निकलना होगा। इस पर जगदीश अपनी बड़ा सासू दुर्गा को वापस घर छोडऩे आया। जगदीश ने जब घर पर ताला लगाने की बात कही, तो दंपती ने कहा कि वे बस निकलने ही वाले हैं, आप ताला लगाकर चाबी रख देना। साडू के दोबारा खेत पर जाते ही कालू ने इस खूनी वारदात को अंजाम दे डाला।
कमरे में मिला शव, पीहर और ससुराल पक्ष को दी सूचना
जब परिजन वापस लौटे तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कालू का शव फंदे पर झूल रहा था, जबकि उसकी पत्नी दुर्गा का शव बेड पर पड़ा था। पुलिस ने तुरंत घटना की जानकारी मृतक कालू के निवास स्थान बनकाखेड़ा और मृतका दुर्गा के पीहर सालरिया, मंडफिया में दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर हमीरगढ़ चिकित्सालय के शवगृह में रखवाया है, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कालू ने दुर्गा का गला दबाने के साथ लोहे की फेट से वार किया था।
पुलिस की जांच के घेरे में कई पहलू
हमीरगढ़ सीआई सुनील बेड़ा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पत्नी की हत्या के बाद खुदकुशी का है। लेकिन, पुलिस हत्या और आत्महत्या के पीछे के असली कारणों को तलाशने के लिए अन्य कई पहलुओं को आधार मानकर गहनता से जांच कर रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो हंसते-खेलते दंपती को यह कदम उठाना पड़ा।
मासूमों के सिर से उठा साया, गांव में पसरा सन्नाटा
इस खौफनाक कदम ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। मृतक दंपती अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक 6 साल का बेटा और एक 3 साल की बेटी है। माता-पिता की मौत की खबर के बाद से ही दोनों मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है। जैसे ही बनकाखेड़ा गांव में दोनों की मौत की खबर पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। हर कोई अचंभित है कि जो दंपती रविवार शाम को खुशी-खुशी घर से निकला था, वह चंद घंटों में इस दुनिया से रुखसत हो गया।

अन्य सम्बंधित खबरे