It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

धौड़ में मंदिर की दीवार ढहाने पर भडक़े ग्रामीण, पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज, 2 डिटेन
By Lokjeewan Daily - 07-07-2026

- एमडीआर-419 सडक़ चौड़ीकरण विवाद
- तहसीलदार और एसआई के सामने बिगड़े हालात
भीलवाड़ा/ जहाजपुर लोकजीवन । एमडीआर-419 सडक़ चौड़ीकरण परियोजना के तहत उपखंड के धौड़ गांव में मंगलवार को उस समय भारी बवाल खड़ा हो गया, जब अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम का ग्रामीणों ने तीखा विरोध किया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों और प्रशासन के बीच आमने-सामने का टकराव हो गया। मंदिर की धर्मशाला की दीवार को हटाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने कुछ ही पलों में हिंसक रूप ले लिया। ग्रामीणों की ओर से किए गए पथराव के जवाब में पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। इस अफरा-तफरी के बीच पुलिस ने दो युवकों को हिरासत  में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। दरअसल, नेशनल हाईवे-52 स्थित देवा का खेड़ा से धौड़ होते हुए नेशनल हाईवे-148डी तक लगभग 22 किलोमीटर लंबाई में एमडीआर-419 सडक़ के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस महत्वपूर्ण सडक़ परियोजना के सुचारू संचालन के लिए सडक़ सीमा में आ रहे सभी अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को जब प्रशासनिक अमला धौड़ गांव में पहुंचा, तो वहां स्थित एक मंदिर की धर्मशाला की दीवार को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। ग्रामीण इस कार्रवाई का विरोध कर रहे थे, जिसके चलते माहौल गरमा गया।
पथराव से मची अफरा-तफरी, पु
ि
लस ने भांजी लाठियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर की दीवार को छूने से नाराज ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। समझाइश के प्रयास विफल होने पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस और प्रशासनिक लवाजमे पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। कानून-व्यवस्था को हाथ में लेता देख पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया और बेकाबू भीड़ को खदेडऩे के लिए लाठीचार्ज कर दिया। लाठियां चटकते ही प्रदर्शनकारी ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर डटा रहा प्रशासन व भारी पुलिस जाब्ता
घटना के समय मौके पर तहसीलदार रवि कुमार मीणा, एसआई देवराज सहित भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौजूद था। पथराव और लाठीचार्ज की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक   रेवड़मल मोर्य भी अतिरिक्त जाब्ते के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
गांव में स्थिति नियंत्रण में, दो युवक हिरासत में
पुलिस ने इस हिंसक झड़प और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो स्थानीय युवकों को मौके से डिटेन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन युवकों से पूछताछ की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव करने वाले अन्य उपद्रवियों की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल, गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन माहौल में तनाव बरकरार है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं। उच्चाधिकारियों की ओर से घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य सम्बंधित खबरे