It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

जमीन की डिक्री के बदले 20 हजार की घूस लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार
By Lokjeewan Daily - 07-07-2026

- कार में छिपा था बेईमानी का सबूत
- एसीबी टोंक ने दिया कार्रवाई को अंजाम
भीलवाड़ा/जहाजपुर लोकजीवन। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोंक इकाई ने मंगलवार को एक बड़ी और फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए ऊंचा हल्का के पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। शातिर पटवारी ने रिश्वत की रकम को अपनी कार के डैशबोर्ड (डैश-बॉक्स) में छिपा कर रखा था, लेकिन मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसकी चालाकी को नाकाम कर दिया। आरोपी पटवारी ने यह घूस एक पीड़ित से न्यायालय के फैसले की पालना में जमीन की डिक्री करने की एवज में मांगी थी। एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एक पीडि़त परिवादी ने टोंक ब्यूरो कार्यालय में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि उसके पिता के पक्ष में न्यायालय का एक फैसला आया था। इस फैसले की पालना करते हुए जमीन की डिक्री करने के लिए जब वह हल्का ऊंचा के पटवारी भंवर सिंह के पास पहुंचा, तो पटवारी ने काम करने के बदले उसे परेशान करना शुरू कर दिया। पटवारी भंवर सिंह ने जमीन पर डिक्री चढ़ाने के बदले साफ तौर पर 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। परिवादी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी सूचना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दे दी।
 25 जून को हुआ था सत्यापन, मंगलवार को बुना जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टोंक की टीम ने बेहद गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन करवाया। गत 25 जून को हुए सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी भंवर सिंह द्वारा रिश्वत की राशि मांगने और उसे स्वीकार करने की सहमति की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसीबी ने आरोपी को रंगे हाथों दबोचने के लिए जाल बिछाया।
 कार में बैठाया, डैशबोर्ड में रखवाई रकम और हो गए ट्रैप
यह पूरी ट्रैप कार्रवाई एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षकनारायण टोगस के निर्देशन और एसीबी टोंक के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋ षिकेश मीणा के सुपरविजन में अंजाम दी गई। मंगलवार को जैसे ही परिवादी रिश्वत की रकम लेकर पटवारी के पास पहुंचा, शातिर पटवारी ने उसे बीच रास्ते में ही अपनी कार में बैठा लिया। पटवारी ने सतर्कता बरतते हुए रिश्वत के नोट सीधे अपने हाथ में न लेकर परिवादी से कार के डैशबोर्ड में रखवा दिए। उसे लगा कि वह बच निकलेगा, लेकिन कार के रुकते ही पहले से घेराबंदी कर खड़ी एसीबी की टीम ने फौरन मौके पर धावा बोल दिया। टीम ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड से रिश्वत के हूबहू वही नोट बरामद हो गए। एसीबी ने तुरंत नोट जब्त कर पटवारी को गिरफ्तार कर लिया।
सीकर का रहने वाला है आरोपी, पूछताछ जारी
पकड़ा गया आरोपी पटवारी भंवर सिंह पुत्र नाथूसिंह  (45) मूल रूप से सीकर जिले के लोसल थाना क्षेत्र के ग्राम गुनाठू का निवासी है। वर्तमान में वह टोंक-भीलवाड़ा सीमा क्षेत्र के अंतर्गत कार्यरत था। ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस.परिमाला के कड़े निर्देशन में आरोपी पटवारी से सघन पूछताछ की जा रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसीबी की टीमें अब आरोपी के ठिकानों और उसकी चल-अचल संपत्ति की भी जांच कर रही हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे