It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

शिक्षक के तबादले पर फूटा छात्रों का गुस्सा, स्कूल के मुख्य गेट पर जड़ा ताला - लसाडिय़ा विद्यालय में चार घंटे तक चला विरोध - तीन दिन में समाधान के आश्वासन पर माने विद्यार्थी
By Lokjeewan Daily - 09-07-2026

भीलवाड़ा / सवाईपुर। क्षेत्र के लसाडय़िा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षक के तबादले के विरोध में गुरुवार को विद्यार्थियों ने अनोखा प्रदर्शन किया। सुबह स्कूल पहुंचते ही छात्रों ने मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। विद्यार्थियों की मांग थी कि शिक्षक हेमराज सिंह का तबादला निरस्त किया जाए, क्योंकि वे लंबे समय से विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहे हैं और उनके जाने से पढ़ाई प्रभावित होगी। जानकारी के अनुसार विद्यालय से मंगलवार देर रात तीन शिक्षकों—हेमराज सिंह, राकेश पंचोली और मुकेश कुमार शर्मा के तबादले के आदेश जारी हुए थे। इनमें से हेमराज सिंह के स्थानांतरण का छात्रों ने सबसे अधिक विरोध किया। विद्यार्थियों का कहना था कि शिक्षक की कार्यशैली और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के कारण वे विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में उनका तबादला रद्द किया जाना चाहिए।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने दिया आश्वासन
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कोटड़ी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक पारीक विद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर समझाइश का प्रयास किया, लेकिन विद्यार्थी अपनी मांग पर अड़े रहे। करीब साढ़े चार घंटे तक चले गतिरोध के दौरान विद्यालय में शिक्षण कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। स्कूल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक भी एकत्र हो गए, जिन्होंने विद्यार्थियों की मांग का समर्थन किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को तीन दिन के भीतर मामले पर सकारात्मक कार्रवाई करने और उनकी मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे विद्यार्थियों ने आंदोलन समाप्त करते हुए स्कूल के मुख्य गेट का ताला खोल दिया और कक्षाओं का संचालन शुरू हुआ।
समाधान नहीं तो फिर से आंदोलन
हालांकि विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में उनकी मांग पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया तो वे फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। वहीं शिक्षा विभाग का कहना है कि तबादला नीति के तहत जारी आदेशों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा और विद्यार्थियों की भावनाओं से भी उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

अन्य सम्बंधित खबरे