
It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.
Please update to continue or install another browser.
Update Google Chromeब्रेकिंग न्यूज़
- गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे दोनों भाई
- बाइक सवार तीन नकाबपोशों ने दिया वारदात को अंजाम
भीलवाड़ा लोकजीवन। शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब आम आदमी मुख्य चौराहों पर भी सुरक्षित नहीं है। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार अजमेर चौराहे पर बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां अपने गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे दो सगे भाइयों पर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात यहीं नहीं रुकी, लहूलुहान हालत में तड़प रहे भाइयों की जेब से बदमाश करीब 30 हजार रुपये की नकदी भी लूटकर रफूचक्कर हो गए। सरेराह हुई इस जानलेवा हमले और लूट की सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
माचिस मांगने के बहाने आए, पलक झपकते ही घोंपा चाकू
अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती घायल पूसा लाल (34) पिता जेठू राम माली ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे वह और उसका बड़ा भाई चंपा लाल अपने गांव जाने के लिए अजमेर चौराहे पर खड़े थे। रात अधिक होने के कारण वे बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक उनके पास आकर रुके। बदमाशों ने पहले तो सामान्य दिखने की कोशिश की और पीड़ितों से सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगी। जब पूसा लाल ने माचिस होने से साफ मना कर दिया, तो बदमाश अचानक उग्र हो गए। इससे पहले कि दोनों भाई कुछ समझ पाते, तीनों बदमाशों ने जेब से धारदार चाकू निकाल लिए और दोनों पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
तड़पते रहे भाई, जेब से साफ कर दिए 30 हजार
प्रत्यक्षदर्शियों और पीडि़त के अनुसार, चाकू के वार से दोनों भाई लहूलुहान होकर सडक़ पर गिर पड़े और दर्द से चीखने लगे। वारदात के दौरान चौराहे पर सन्नाटा पसरा हुआ था, जिसका फायदा उठाकर हमलावरों ने चंपा लाल को दबोच लिया और उसकी जेब में रखे 30 हजार रुपये जबरन निकाल लिए। नकदी लूटने के बाद तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर हवा में हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से फरार हो गए। घायल पूसा लाल ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या पुराना वाद-विवाद नहीं था। वे हमलावरों को शक्ल से भी नहीं पहचानते हैं। केवल माचिस जैसी मामूली बात पर बदमाशों ने इस खूनी खेल को अंजाम दे दिया।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल, नाकेबंदी रही बेअसर
व्यस्ततम अजमेर चौराहे पर हुई इस वारदात ने पुलिस प्रशासन के रात्रि गश्त के दावों की पोल खोलकर रख दी है। शहर के मुख्य प्रवेश द्वारों में से एक होने के बावजूद रात 11 बजे इतनी बड़ी वारदात हो जाना और बदमाशों का आसानी से भाग निकलना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वारदात की सूचना के बाद पुलिस ने शहर के चारों तरफ नाकेबंदी भी करवाई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायलों का जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में उपचार चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। पीडि़तों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अजमेर चौराहे और आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बाइक सवार बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कोर्ट रूम छोड़कर सड़कों पर निकले जज, सड़क सुरक्षा के लिए की लग्जर . . .
2026-07-09 16:32:00
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का तीखा हमला : कहा- भाजपा सरकार के द . . .
2026-07-09 16:26:25
मुख्य सचिव ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा, गुणवत्तापूर् . . .
2026-07-09 16:22:30
राज्य जीएसटी की बड़ी कार्रवाई -35 करोड़ रुपये की कर चोरी की आशंका . . .
2026-07-09 16:33:58
उपभोक्ता आयोग का बड़ा फैसला : साइबर फ्रॉड की राशि आने पर पूरा बैं . . .
2026-07-09 16:29:22
लाडो प्रोत्साहन योजना की समीक्षा, पात्र बालिकाओं को समयबद्ध लाभ स . . .
2026-07-09 16:24:19