It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

बड़लियास में नवजात भ्रूण मिलने से सनसनी, इंसानियत शर्मसार, जांच में जुटी पुलिस
By Lokjeewan Daily - 10-07-2026

- सूनी जगह पर पड़े भ्रूण को देखकर ग्रामीणों में सनसनी
-  पुलिस कब्जे में लेकर खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे
भीलवाड़ा/ बड़लियास लोकजीवन। जिले के बड़लियास कस्बे में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान स्थान पर नवजात भ्रूण पड़े होने की सूचना मिली। घटना की खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मानवता को झकझोर देने वाली इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह कुछ लोगों की नजर सुनसान स्थान पर पड़े भ्रूण पर पड़ी। सूचना मिलते ही बड़लियास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र का जायजा लेते हुए भ्रूण को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात भ्रूण को यहां लाकर फेंक दिया। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि देर रात या तडक़े क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं देखी गई। साथ ही आसपास उपलब्ध संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की कडिय़ां जोडऩे की कोशिश की जा रही है। जरूरत पडऩे पर चिकित्सकीय जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का भी सहारा लिया जाएगा। घटना के बाद पूरे कस्बे में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। लोगों ने इस घटना को बेहद संवेदनशील बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नवजात को इस तरह लावारिस हालत में फेंकना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी झकझोर देने वाला कृत्य है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि किसी व्यक्ति के पास इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि दोषियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है।

अन्य सम्बंधित खबरे