It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

एएनटीएफ की घेराबंदी देख तस्करों ने तंग गलियों में दौड़ाई कार, 80 किलो डोडा-पोस्त बरामद
By Lokjeewan Daily - 10-07-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। अवैध मादक पदार्थ विरोधी विशेष कार्य बल और स्थानीय पुलिस ने भीलवाड़ा-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध नशीला पदार्थ जब्त किया है। पुलिस ने नाटकीय ढंग से पीछा करके एक बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार से 80.970 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन और पुलिस को झांसा देने के लिए रखी गईं 4 फर्जी नंबर प्लेटें भी जब्त की गई हैं। हालांकि, अंधेरे और झाडय़िों का लाभ उठाकर दो तस्कर भागने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार, विशेष कार्य बल का दस्ता भीलवाड़ा-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की निगरानी कर रहा था। इसी दौरान बिगोद-सवाईपुर की तरफ से एक अत्यंत तेज रफ्तार वाहन आता हुआ दिखाई दिया, जिस पर कोई नंबर अंकित नहीं था। वाहन की संदिग्ध गति को देखते हुए जब दस्ते ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी और भीलवाड़ा की तरफ भागने लगा। एएनटीएफ की भीलवाड़ा चौकी के सहायक उप निरीक्षक अयूब मोहम्मद के नेतृत्व में टीम ने बिना समय गंवाए तस्करों के वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को पुलिस से घिरा देख चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग छोडक़र गाड़ी को पौंड्रास गांव के अंदर घुसा दिया। पुलिस दस्ता भी लगातार गाड़ी के पीछे लगा रहा। इसी आपाधापी और घबराहट में पौंड्रास गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास एक तीखे और खतरनाक मोड़ पर तस्कर वाहन पर नियंत्रण खो बैठे। तेज रफ्तार वाहन सडक़ किनारे एक बड़े पत्थर से जा टकराया, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन टकराने के तुरंत बाद उसमें सवार दो युवक नीचे उतरे और पैदल ही भागने लगे। दस्ते ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी से उतरकर उनका पैदल ही पीछा किया। लेकिन इलाके में घने जंगल, तंग रास्ते, कंटीली झाडय़िां और नदी क्षेत्र होने के कारण दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। घटना के तुरंत बाद दस्ते ने स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। स्थानीय थाना पुलिस ने जब क्षतिग्रस्त वाहन की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें 4 काले रंग के बोरे मिले। इन बोरों को खोलने पर उनमें कुल 80.970 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त भरा हुआ पाया गया। इसके अलावा, पुलिस को भ्रमित करने और पहचान छुपाने के उद्देश्य से वाहन के अंदर दो अलग-अलग नंबरों की 4 नंबर प्लेटें भी रखी मिलीं। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अवैध सामग्री, वाहन और नंबर प्लेटों को जब्त कर लिया है। फरार तस्करों की तलाश के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी कराई गई है और उनकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे