It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

अज्ञात वाहन ने तीन भैंसों को रौंदा, एक की मौत; गर्भस्थ बछड़ा भी बाहर निकला
By Lokjeewan Daily - 16-07-2026

- शाहपुरा में दर्दनाक हादसा
-  दो भैंसें गंभीर घायल
भीलवाड़ा लोकजीवन। शाहपुरा कस्बे में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सडक़ पार कर रही तीन भैंसों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृत भैंस गर्भवती थी और टक्कर की तीव्रता के कारण उसका गर्भस्थ बछड़ा भी बाहर निकल आया। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। घटना शाहपुरा थाना क्षेत्र के सामने स्थित स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार वाहन ने सडक़ पार कर रहे पशुओं को टक्कर मारने के बाद बिना रुके मौके से फरार हो गया। घायल दोनों भैंसों का उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी। पशुपालक कमलेश कहार निवासी रामपुरा ने शाहपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन का पता लगाने का आग्रह भी किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने तथा सडक़ों पर पशुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।
डंपर की चपेट में आने से नंदी की मौत
इसी तरह बागोर थाना क्षेत्र स्थित पीथास गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में डंपर की चपेट में आने से एक नंदी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि ग्रामीणों और डंपर चालक के बीच समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई। शाम करीब साढ़े छह बजे पीथास बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर के सामने नंदी बैठा हुआ था। इसी दौरान सडक़ से गुजर रहे वाहनों के तेज हॉर्न की आवाज से वह घबरा गया और अचानक सडक़ की ओर दौड़ पड़ा। उसी समय भीलवाड़ा की ओर से आ रहे एक खाली डंपर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए लोगों में आक्रोश भी देखा गया, लेकिन आपसी समझाइश के बाद मामला शांत हो गया। बाद में गौसेवकों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार गड्ढा खोदकर नंदी का अंतिम संस्कार किया।  ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अन्य सम्बंधित खबरे