It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आएं आमजन, एसीबी ने स्थापना दिवस पर परिवादियों को किया सम्मानित
By Lokjeewan Daily - 16-07-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग तभी जीती जा सकती है, जब देश का आम नागरिक निर्भय होकर आगे आए। शिकायतकर्ता ही एसीबी की असली ताकत हैं। यह उद्गार भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) प्रथम के डीवाईएसपी पारसमल ने ब्यूरो के स्थापना दिवस पर आयोजित एक विशेष गरिमामयी समारोह के दौरान व्यक्त किए। इस अनूठे आयोजन में एसीबी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ साहस दिखाने वाले सजग परिवादियों को फूल-मालाएं पहनाकर और मोमेंटो देकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) प्रथम द्वारा बुधवार को अपना स्थापना दिवस बेहद खास और अनूठे अंदाज में मनाया गया। आमतौर पर जांच और कार्रवाई में व्यस्त रहने वाले एसीबी कार्यालय में इस बार का माहौल बदला हुआ था। कार्यक्रम में भ्रष्टाचार को बेनकाब करने वाले जागरूक नागरिकों (परिवादियों) का सम्मान कर समाज में एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया। समारोह के दौरान डीवाईएसपी पारश मल ने विशेष रूप से परिवादी मोइनुद्दीन खान के साहस की जमकर सराहना की। उन्होंने मिसाल देते हुए बताया कि किस तरह मोइनुद्दीन ने श्रम विभाग के कर्मचारियों द्वारा उनकी 4 लाख रुपये की एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) तुड़वाने के एवज में मांगी गई 40 हजार रुपये की रिश्वत की निर्भीकता से शिकायत की थी। इसी शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने 11 सितंबर 2025 को जाल बिछाकर श्रम विभाग के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी नरेन्द्र कुमार लखारा एवं एक प्राइवेट व्यक्ति अशोक कुमार शर्मा को 33 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। डीवाईएसपी ने साफ किया कि एसीबी का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज में भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक जागरूकता फैलाना भी है। समारोह के समापन पर एसीबी के अधिकारियों और समस्त कर्मचारियों ने राजस्थान को पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाने का दृढ़ संकल्प लिया। ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो बिना डरे एसीबी की हेल्पलाइन नंबर 1064 या 94133-51500 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

अन्य सम्बंधित खबरे