It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, युवक गंभीर रूप से घायल
By Lokjeewan Daily - 16-07-2026

- धोला भाटा चौराहे पर हादसा
- घटना के बाद जमा हुए ग्रामीण
भीलवाड़ा लोकजीवन।  बड़लियास कस्बे के निकटवर्ती धोला भाटा चौराहे पर रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला। यहां दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते राहगीरों व स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और युवक सडक़ पर लहुलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना तुरंत 108 एम्बुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार देकर भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय के लिए रवाना किया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवक की शिनाख्त ओड़पुरिया निवासी पप्पू ओड़ के रूप में की गई है। इस हादसे के बाद एक बार फिर धोला भाटा चौराहे पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि भीलवाड़ा और बेगूं मार्ग को जोडऩे वाला यह चौराहा बेहद व्यस्त और संवेदनशील है। चारों तरफ से यहां तेज रफ्तार वाहन आते हैं, लेकिन सुरक्षा उपकरणों के अभाव में यहां आए दिन एक्सीडेंट हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मुख्य मार्ग पर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) और चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए कई बार संबंधित विभाग को लिखित व मौखिक रूप से सूचित किया गया, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासनिक उदासीनता पर तीखे तेवर दिखाए हैं। लोगों का कहना है कि आखिर विभाग किसी बड़े और जानलेवा हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है? यदि समय रहते यहां गति नियंत्रक उपाय कर दिए जाएं तो इन हादसों पर लगाम लग सकती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से तुरंत प्रभाव से धोला भाटा चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बेकसूर की जान को खतरे में पडऩे से बचाया जा सके।

अन्य सम्बंधित खबरे