It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

एक ही रात में तीन गांवों के मंदिरों में धावा, आस्था पर चोट से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
By Lokjeewan Daily - 18-07-2026

-  जब भगवान ही सुरक्षित नहीं, तो इंसान कहां जाएं
- ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
भीलवाड़ा/ सवाईपुर लोकजीवन। बड़लियास थाना क्षेत्र में एक बार फिर बेखौफ चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। चोरों ने पुलिसिया इकबाल को चुनौती देते हुए शुक्रवार मध्यरात्रि को तीन अलग-अलग गांवों के मंदिरों को अपना निशाना बनाया। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आमजन के बीच अब यही चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब चोर भगवान के घर को ही नहीं छोड़ रहे, तो आम नागरिक खुद को कहां सुरक्षित महसूस करे। सूचना मिलते ही बड़लियास थाना व सवाईपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
चारभुजानाथ मंदिर बना पहला निशाना
थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने सवाईपुर स्थित बड़े चारभुजा नाथ मंदिर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने सबसे पहले मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने निज मंदिर (गर्भगृह) का दरवाजा खोलकर अंदर पूरी तलाशी ली, लेकिन वहां उनके हाथ कुछ नहीं लगा। इसके बाद चोरों ने बाहर बरामदे में रखे दानपात्र के

 ताले और लॉक को बेरहमी से तोड़ दिया और उसमें रखी पूरी नगदी समेट ले गए। जाते-जाते शातिर चोर मंदिर में रखी ढोलक भी अपने साथ चुरा ले गए। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्हें इस चोरी की भनक लगी। मंदिर में चोरी की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सवाईपुर चौकी के कांस्टेबल संदीप कुमार व श्रवण कुमार मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया।
तीन साल पहले भी इसी मंदिर में हुई थी चोरी
गौरतलब है कि करीब तीन साल पहले भी चोरों ने इसी मंदिर को निशाना बनाकर आभूषण और दानपात्र पार कर दिए थे, जिसका पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। चोरों का तांडव यहीं नहीं रुका। गिरोह ने क्षेत्र के आकोला गांव में स्थित नारसिंह माताजी मंदिर पर भी धावा बोला। वहां भी चोरों ने दानपेटी का ताला तोडक़र उसमें रखी भारी-भरकम नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद चोरों ने चांदगढ़ गांव में स्थित श्री चारभुजा नाथ मंदिर को अपना अगला निशाना बनाया। गनीमत रही कि यहां चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा, लेकिन इस मंदिर में भी वारदात से ग्रामीणों में दहशत है।
चांदगढ़ मंदिर में एक साल पहले भी स्वर्ण कलश चोरी
बता दें कि चांदगढ़ के इसी मंदिर से ठीक एक साल पहले भी चोरों ने मंदिर के शिखर पर लगा स्वर्ण कलश चुरा लिया था। एक ही रात में तीन मंदिरों में हुई इन सिलसिलेवार चोरियों के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों के सुराग तलाशने के प्रयास में जुटी हैं, वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरों को नहीं पकड़ा गया और पुलिस गश्त नहीं बढ़ाई गई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

अन्य सम्बंधित खबरे