It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

हाथ में नंगी तलवार लेकर घर में घुसा सिरफिरा, पूरे परिवार को दी जान से मारने की धमकी
By Lokjeewan Daily - 20-07-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन । शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के शिव नगर में उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक युवक हाथ में चमचमाती हुई नंगी तलवार लेकर जबरन एक मकान में घुस गया। आरोपी ने न केवल मकान की खिडक़ी पर तलवारों से ताबड़तोड़ वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया, बल्कि पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। इस खौफनाक मंजर के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और दहशत में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सुभाष नगर थाना पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिव नगर निवासी लाड देवी पत्नी दुर्गालाल माली ने बताया कि कल सुबह करीब 11 बजकर 10 मिनट पर उनके पड़ोस का ही एक युवक, माकण नगर निवासी लखन पुत्र मदनलाल माली, हाथ में नंगी तलवार लेकर उनके घर पहुंचा। आरोपी जबरन घर के भीतर घुसने का प्रयास करने लगा। जब वह अपने मंसूबों में सफल नहीं हुआ, तो उसने घर की खिडक़ी पर तलवार से कई वार किए।
इसके बाद आरोपी ने खिडक़ी से हाथ अंदर डालकर लाड देवी के पति पर सीधा हमला करने का प्रयास किया। परिवार के शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत मौके पर जुटने लगे। लोगों को अपनी तरफ आता देख आरोपी गाली-गलौज करता हुआ वहां से भाग निकला, लेकिन जाते-जाते उसने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस घटना ने रिहायशी इलाकों में कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुभाष नगर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी लखन माली की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।

अन्य सम्बंधित खबरे