It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

कोतवाली के चारो ओर अवैध रूप से खड़े ठेले-टपरों से आधी रह गई सडक़
By Lokjeewan Daily - 24-07-2026


- अतिक्रमण से ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त
- थाने के सामने अतिक्रमण को बढ़ावा
भीलवाड़ा लोकजीवन। शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्रों में शुमार सिटी कोतवाली चौराहे के चारों और इन दिनों अव्यवस्था और अतिक्रमण का बोलबाला है। कानून व्यवस्था का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस की नाक के नीचे मुख्य सडक़ पर ठेले वालों और अस्थायी दुकानदारों ने पक्का डेरा डाल रखा है। शाम ढलते ही यहां कोतवाली के चारो ओर हालात इतने बेकाबू हो जाते हैं कि आम राहगीरों और वाहन चालकों के लिए निकलना दूभर हो जाता है। मुड़ाव पर ठेलों के आगे खरीदी करने वालों के वाहन खड़े हो जाने से हादसे तक  हो जाते है।  हालात ऐसे है कि सडक़ किनारे एक के बाद एक कतारबद्ध खड़े फल, नारियल, सिगरेट-पान और केबिन वालों के ठेलों ने मुख्य मार्ग की चौड़ाई को आधा कर दिया है। ठेले वालों द्वारा सडक़ के बड़े हिस्से को घेर लिए जाने से चौड़ी सडक़ अब एक पतली गली में तब्दील हो चुकी है। यहां से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालक और राहगीर रोजाना इस अव्यवस्था से जूझने को मजबूर हैं।
पुलिस की नाक के नीचे अनदेखी
ताज्जुब की बात यह है कि यह सब उस क्षेत्र में हो रहा है जहां से रोजाना पुलिस के आला अधिकारियों और गश्ती दल का आवागमन रहता है। थाने के चारों ओर सडक़ों पर सजने वाली इन अवैध दुकानों पर न तो नगर निगम की कार्रवाई का कोई खौफ नजऱ आता है और न ही यातायात पुलिस का कोई नियंत्रण। खरीदारी के लिए आने वाले लोग भी अपने वाहन सडक़ पर ही बेतरतीब खड़े कर देते हैं, जिससे स्थिति और अधिक विकराल हो जाती है।
हादसों का अंदेशा, राहगीर परेशान
शाम के समय जब क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ता है, तब यहंा दुर्घटनाओं का अंदेशा लगातार बना रहता है। स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस की इस ढिलाई के कारण आए दिन यहां जाम की स्थिति बनती है और नोकझोंक के मामले सामने आते हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि नगर निगम और यातायात पुलिस संयुक्त अभियान चलाकर कोतवाली के सामने से इस अतिक्रमण को हटाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।  

अन्य सम्बंधित खबरे