It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

स्कूल में देर रात गिरी प्रिंसिपल रूम की छत, बड़ा हादसा टला - फॉल सीलिंग के पीछे छिपी थी जर्जर पट्टियां - हुरड़ा के महात्मा गांधी स्कूल में हुई घटना
By Lokjeewan Daily - 25-07-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र स्थित हुरडा के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से बच गया। विद्यालय परिसर स्थित प्रिंसिपल कक्ष की पट्टियां अचानक भरभराकर गिर गईं। गनीमत यह रही कि हादसा रात के समय हुआ, जब कमरा खाली था; अन्यथा दिन के समय यह घटना होती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। शनिवार सुबह जब स्टाफ स्कूल पहुंचा, तब घटना की भनक लगी। जानकारी के अनुसार, हुरडा स्थित महात्मा गांधी स्कूल के प्रिंसिपल कक्ष में शुक्रवार दोपहर तक रोजाना की तरह स्टाफ और बच्चे मौजूद थे। दोपहर बाद स्कूल की छुट्टी होने पर सभी अपने-अपने घर चले गए। शुक्रवार देर रात अचानक प्रिंसिपल रूम की पट्टियां टूटकर नीचे आ गिरीं। इसके चलते कमरे में रखे स्कूल मटेरियल, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, दस्तावेज और अन्य कीमती फर्नीचर पूरी तरह डैमेज हो गए। प्रिंसिपल रीमा मीणा ने बताया कि वे पारिवारिक मेडिकल इमरजेंसी के चलते पिछले 5 दिनों से अवकाश पर हैं। शनिवार सुबह जब विद्यालय का स्टाफ स्कूल पहुंचा और उन्होंने प्रिंसिपल रूम का दरवाजा खोला, तो चारों तरफ मलबा फैला हुआ मिला और छत की पट्टियां टूटी हुई नजर आईं।
फॉल सीलिंग के कारण नहीं दिखी जर्जर स्थिति
प्रिंसिपल के अनुसार, छत की पट्टियां काफी पुरानी थीं। कमरा जीर्णोद्धार (रिनोवेशन) के दौरान छत पर फॉल सीलिंग करवाई गई थी, जिसकी वजह से अंदर पट्टियों के कमजोर और जर्जर होने का पहले से अंदाजा नहीं लग सका। घटना की सूचना तुरंत शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
रात होने के कारण बड़ा हादसा भले टला
रात का समय होने के कारण एक बड़ा हादसा भले ही टल गया हो, लेकिन इस घटना ने सरकारी स्कूलों के भवनों की सुरक्षा व्यवस्था और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विभाग को चाहिए कि मानसून और समय-समय पर फॉल सीलिंग के पीछे छिपी पुरानी छतों की जांच कराए, ताकि भविष्य में होने वाले ऐसे जानलेवा हादसों को रोका जा सके।

अन्य सम्बंधित खबरे