It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

गुरु पूर्णिमा कल, चरण पादुका पूजन से लेकर महाप्रसादी और भंडारे तक की रहेगी धूम
By Lokjeewan Daily - 28-07-2026

- मंदिरों में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब, गूंजेगा गुरु मंत्र
- शहर से गांव तक होंगे विशेष आयोजन
भीलवाड़ा लोकजीवन। गुरु के प्रति आस्था, श्रद्धा और समर्पण का पर्व गुरु पूर्णिमा बुधवार को भीलवाड़ा शहर सहित जिलेभर में धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिरों और आश्रमों में सुबह से ही पूजा-अर्चना, गुरु पूजन, चरण पादुका पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर शुरू होगा। दिनभर श्रद्धालु अपने गुरुजनों का पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। वहीं कई स्थानों पर सत्संग, आरती, महाप्रसादी और भंडारे के आयोजन होंगे। गुरु पूर्णिमा को लेकर प्रमुख मंदिरों और आश्रमों में विशेष सजावट की गई है और आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।  बालाजी मार्केट स्थित पेच के बालाजी मंदिर में श्रीमद्भागवत प्रचार समिति के तत्वावधान में गुरुदेव स्वामी विद्यानंद सरस्वती की चरण पादुकाओं एवं मंदिर के पुजारी स्वर्गीय पंडित गोविंद शर्मा के चित्र का पूजन सुबह 7 बजे विद्वान पंडितों द्वारा कराया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान की विशेष व्यवस्था रहेगी। आयोजकों ने बताया कि जो श्रद्धालु किसी व्यक्ति विशेष को गुरु न मानकर भगवान हनुमानजी को अपना गुरु मानते हैं, वे हनुमत पूजन के साथ गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल
 होकर धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत कर सकते हैं। महंत पंडित आशुतोष शर्मा ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने और आध्यात्मिक लाभ लेने का आग्रह किया है।
पंचमुखी दरबार में होगा चरण पादुका पूजन  
शहर के दादाबाड़ी क्षेत्र स्थित श्री पंचमुखी दरबार में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। महंत लक्ष्मणदास त्यागी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पंचमुखी दरबार का विशेष अभिषेक और आकर्षक शृंगार किया जाएगा। मंदिर परिसर में सुबह 8:15 बजे चरण पादुका पूजन का कार्यक्रम होगा। इसके बाद संत-महात्माओं के लिए प्रसादी और भेंट विदाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक महाप्रसादी और आरती का आयोजन होगा। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। महंत ने सभी श्रद्धालुओं से गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।
हरी शेवा उदासीन आश्रम में गुरु पूजन के साथ होगी गोसेवा
हरी शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सान्निध्य में उदासीनाचार्य श्री श्रीचंद्रजी महाराज, सतगुरुओं की समाधियों, धूणा साहब, आसन साहब, छणी साहब एवं चरण पादुकाओं का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु भाई, शिष्य और श्रद्धालु बड़ी संख्या में आश्रम पहुंचेंगे। सेवा-सुमिरन की श्रृंखला में अन्न क्षेत्र की सेवा, गोसेवा, दिनभर प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। संत गोविंदराम ने बताया कि शाम के सत्र में प्रत्येक माह पूर्णिमा को आयोजित होने वाला बाबा शेवाराम साहब का मासिक प्राकट्य उत्सव भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आरती और सत्संग के बाद श्रद्धालुओं को भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा। गुरु पूर्णिमा को लेकर भीलवाड़ा शहर के साथ जिलेभर के मंदिरों, मठों और आश्रमों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। सुबह से गुरु पूजन और चरण पादुका पूजन के साथ धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे। कई स्थानों पर संत-महात्माओं के सान्निध्य में सत्संग और प्रवचन होंगे। श्रद्धालु गुरुजनों का पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। दिनभर प्रसाद वितरण और शाम को आरती के बाद भंडारों का आयोजन किया जाएगा। गुरु पूर्णिमा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 

अन्य सम्बंधित खबरे