It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

सावन मास कल से, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजेंगे शिवालय
By Lokjeewan Daily - 29-07-2026

- हरणी, तिलस्वां व पातोला महादेव में तैयारियां
- शिवालयों में उमड़ेगा आस्था का जनसैलाब
भीलवाड़ा लोकजीवन। सावन मास की शुरुआत गुरुवार से होगी। इसे लेकर वस्त्रनगरी भीलवाड़ा पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंगने के लिए तैयार है।  सावन माह को लेकर जिले भर के प्रसिद्ध शिवालयों में तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। गुरुवार अलसुबह मंदिरों के कपाट खुलते ही शंखनाद और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठेगा। सावन माह को लेकर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रसिद्ध हरणी महादेव मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक, पंचामृत अभिषेक और भव्य श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर समिति के महादेव जाट ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जा रहा है। सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां भारी भीड़ उमडऩे की संभावना है। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित तिलस्वां महादेव मंदिर में ट्रस्टी एवं सचिव मांगीलाल धाकड़ ने बताया कि आवागमन को सुगम बनाने के लिए रेलिंग लगाने, साफ-सफाई, रंग-रोगन व प्रकाश व्यवस्था के कार्य तेजी से जारी हैं। यहां स्थित पवित्र तालाब और मिट्टी में असाध्य रोगों को दूर करने की मान्यता के चलते राजस्थान ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी हजारों भक्त पहुंचेंगे। जले के अन्य शिवालयों में भी पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूरे महीने कांवड़ यात्राएं निकलेंगी और रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप व भजन-कीर्तन के आयोजन चलेंगे। भीलवाड़ा के लिए सावन केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि लोकआस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का महाउत्सव है। श्रद्धालुओं के भारी जमावड़े को देखते हुए मंदिर कमेटियों और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्था के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे