It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

निकाय चुनाव 2026: आरक्षण लॉटरी से कहीं खुली टिकट की राह तो कहीं फेरबदल
By Lokjeewan Daily - 17-08-2026

- 56 एससी, 17 एसटी और 62 ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित
- जिले के कुल 325 वार्डों में से 190 वार्डो में सामान्य को मौका
भीलवाड़ा लोकजीवन। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की तस्वीर सोमवार को काफी हद तक साफ हो गयी है। जिले भीलवाड़ा नगर निगम के साथ ही 10 नगर पालिकाओं आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेडा, शाहपुरा, जहाजपुर, बिगोद, मंाडलगढ़ बिजोलियां के 325  वार्डों के आरक्षण की लॉटरी आज निकाली गयी।  जिले में 1 नगर निगम और 10 नगर पालिकाओं के कुल 325 वार्डों में से 56 एससी, 17 एसटी और 62 ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हैं, जबकि 190 वार्ड सामान्य वर्ग के लिए हैं। इनमें 105 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। सबसे ज्यादा 70 वार्ड भीलवाड़ा नगर निगम में हैं, जबकि 35-35 वार्ड शाहपुरा और गुलाबपुरा नगर पालिकाओं में हैं। अध्यक्ष पदों का आरक्षण पहले ही तय हो चुका है, अब वार्डों की स्थिति सामने आते ही संभावित प्रत्याशियों की रणनीति भी बदल गई है।
कहीं खुशी, कहीं मायूसी; नए चेहरों के खुले द्वार
आरक्षण की लॉटरी निकलते ही लंबे समय से अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क में जुटे कई पुराने दावेदारों के समीकरण ध्वस्त हो गए हैं। कई दिग्गज नेताओं को अब नए सुरक्षित वार्ड तलाशने पड़ेगें। वहीं दूसरी ओर, आरक्षण के कारण कई नए चेहरों और महिला प्रत्याशियों के लिए चुनावी मैदान में उतरने का सीधा रास्ता साफ हो गया है। राजनीतिक दलों में भी अब जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन का दौर शुरू हो गया है। आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव कायक्रम की दिशा में आगे बढ़ेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
15 नवंबर तक पूरी होनी है चुनाव प्रक्रिया
राजस्थान में नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 15 नवंबर 2026 तक कराने की समयसीमा तय है। पहले नगरीय निकाय और उसके बाद पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव कराए जाने प्रस्तावित हैं। पंचायतों के शेष पदों के लिए आरक्षण लॉटरी सितंबर में होगी।  

अन्य सम्बंधित खबरे