It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

नर्सिंगकर्मियों ने किया 21 बार हनुमान चालीसा का पाठ, कल करेंगे सदबुद्धि यज्ञ
By Lokjeewan Daily - 21-08-2026

- भर्ती आदेश निरस्त होने पर चौथे दिन भी आंदोलन जारी
-  सेवा बहाली नहीं होने तक कॉलेज के बाहर देंगे धरना
भीलवाड़ा लोकजीवन। राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती आदेश निरस्त होने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे नर्सिंगकर्मियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आंदोलन के चौथे दिन धरने पर डटे कार्मिकों ने सामूहिक रूप से 21 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया और हनुमान जी महाराज से कॉलेज प्रशासन व ठेकेदार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। इससे पूर्व, आंदोलन के तीसरे दिन भी कोई समाधान न निकलने से क्षुब्ध होकर कर्मियों ने प्राचार्य के नाम अपने ही खून से पत्र लिखकर सेवा बहाली की गुहार लगाई थी। शनिवार को सदबुुद्धि यज्ञ किया जाएगा। दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब मेडिकल कॉलेज में सरकार द्वारा 144 नए पदों की स्वीकृति दिए जाने के बाद पूर्व में कार्यरत प्लेसमेंट एजेंसी के 48 संविदा कर्मियों को हटा दिया गया था। 109 अभ्यर्थियों के उपस्थित होने के बाद शेष रिक्त पदों पर पूर्व में हटाए गए कार्मिकों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। स्थानीय विधायक व प्राचार्य के स्तर पर 35 पात्र संविदाकर्मियों की सूची तैयार कर प्लेसमेंट एजेंसी को सौंपी गई तथा 30 पदों पर नियुक्ति के निर्देश दिए गए। हालांकि, प्लेसमेंट एजेंसी (मेसर्स मेवाड़ सिक्योरिटी सर्विसेज, उदयपुर) ने 30 में से केवल 17 पुराने कार्मिकों को शामिल किया और 13 पदों पर नए चेहरे रख लिए। इस पर विधायक के हस्तक्षेप के बाद कॉलेज प्रशासन ने गड़बड़ी मानते हुए जॉइनिंग से ठीक पहले 14 अगस्त को भर्ती आदेश निरस्त कर दिए।
ठेकेदार हिमांशुल माथुर का तर्क है कि पुराने कर्मचारियों को बोनस अंक मिल चुके हैं, इसलिए नए युवाओं को अवसर दिया गया। दूसरी ओर, हटाए गए कार्मिक पिछले दो महीनों से रोजगार छीन जाने के कारण गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और खुले आसमान तले रातें बिताने को मजबूर हैं।  आंदोलनकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक सेवा बहाली का लिखित आदेश जारी नहीं होता, धरना समाप्त नहीं होगा।

अन्य सम्बंधित खबरे