It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

रानी सती दादी के मंगल पाठ से गूंजा दादी धाम, सिंधारा एवं झूला उत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
By Lokjeewan Daily - 24-08-2026

- गायिका पायल अग्रवाल ने मंगल पाठ की प्रस्तुति से बांधा समां
- रानी सती दादी की झांकियां, नृत्य एवं नौका विहार रहे आकर्षण
भीलवाड़ा लोकजीवन। सावन की फुहारों और भक्ति के रंगों के बीच दादी धाम में सिंधारा एवं झूला उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बनारस की प्रसिद्ध गायिका पायल अग्रवाल द्वारा रानी सती दादी के मंगल पाठ की प्रस्तुति ने पूरे दादी धाम को भक्तिमय कर दिया। मंगल पाठ के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर दादी जी की भक्ति में लीन नजर आए और पूरा परिसर दादी जी के जयकारों से गूंज उठा। पायल अग्रवाल ने अपनी मधुर आवाज में मंगल पाठ की प्रस्तुति देते हुए रानी सती दादी की महिमा का गुणगान किया। भक्ति गीतों और मंगल पाठ की भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को देर तक भक्तिरस में डुबोए रखा। दादी जी प्रचार समिति की ओर से आयोजित उत्सव में दादी जी का विशेष आकर्षक श्रृंगार किया गया। अलवर से आए संतोष खंडेलवाल ने मंदिर एवं दादी जी का मनमोहक श्रृंगार किया। फूलों, गजरे और आकर्षक सजावट से दादी जी का दरबार देखते ही बन रहा था। वहीं पुजारी शैलेन्द्र शुक्ला जी ने दादी जी की आरती की। उत्सव में पूजा अग्रवाल एवं निर्मला अग्रवाल ग्रुप तथा खुशबू एवं सोनाली पोद्धार ग्रुप द्वारा रानी सती दादी की विशेष झांकियां प्रस्तुत की गईं। दोनों ग्रुप की झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही भक्ति गीत खमा गनी, खमा गनी मेरी दादी सा ने खमा गनी... तथा कटसू आओ चूड़ो, कटसू आई चुनरी, ठाणे कौन सजाओ दादी जी, थे लागो प्यारी सी बनड़ी... पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। मशालें जलाकर की गई विशेष नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मशालों की रोशनी, भक्ति गीतों और कलाकारों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उत्सव में विशेष गजरा, मेहंदी उत्सव, चुनड़ी उत्सव, दादी जी का आकर्षक झूला, भक्तों के लिए झूले एवं दादी जी का नौका विहार भी प्रमुख आकर्षण रहे। मंगल पाठ के पश्चात महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महाआरती के बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। दादी जी प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रदीप पोद्दार ने कहा कि सावन के पावन अवसर पर आयोजित इस उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी भक्तों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि मंगल पाठ से लेकर झांकियों और नृत्य प्रस्तुतियों तक पूरा आयोजन भक्ति एवं उत्साह से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं में समिति के सदस्यों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ सहयोग किया। आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में अनिल सिंघल, राहुल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, देवेन्द्र गोयल, गोविन्द, राजेश बंसल, मनीष पंसारी, प्रदीप झुंझुनूंवाला, शिव खेमका एवं राकेश जागेटिया सहित समिति के सदस्य एवं दादी भक्तों का विशेष सहयोग रहा। उत्सव के दौरान हर हर नारायणी—घर घर नारायणी और जय राणी सती दादी जी के जयकारों से दादी धाम गूंजता रहा।  

अन्य सम्बंधित खबरे