It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

रक्षाबंधन 28 को, बाजारों में उमड़ी भीड़, राखियों और श्रीफल की जमकर खरीदारी
By Lokjeewan Daily - 26-08-2026

- बाजारों में राखियों की ढेरों वैरायटी
- उत्सव का माहौल चढ़ा परवान पर
भीलवाड़ा लोकजीवन। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पावन पर्व रक्षाबंधन इस वर्ष 28 अगस्त को पूरे जिले में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। त्योहार में अभी दो दिन का समय शेष है, लेकिन भीलवाड़ा शहर के बाजारों में अभी से उत्सव का माहौल पूरी तरह परवान चढ़ चुका है। अभी से ही मुख्य बाजारों में ग्राहकों, विशेषकर महिलाओं और युवतियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। शहर में दूकानें और सडक़ किनारे सजे अस्थायी स्टॉल पूरी तरह से गुलजार हो चुके हैं। बहनें अपने भाइयों की कलाई सजाने के लिए मनपसंद राखियां खरीदने में जुटी हुई हैं। जिन बहनों के भाई शहर से दूर या विदेश में रहते हैं, वे समय पर कूरियर और डाक से रक्षा सूत्र भेजने के लिए दो दिन पहले से ही खरीदारी पूरी कर रही हैं।
आधुनिक डिजाइन वाली राखियो की भरमार
इस बार शहर के बाजारों में पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिजाइन वाली राखियों की विशाल श्रृंखला उपलब्ध है। रेशमी धागों, कुंदन, जरदोजी, मोतियों और स्टोन वर्क वाली राखियों की भारी मांग है। भाभियों के लिए विशेष लूंबा राखियों के नए सेट बाजार में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं छोटे बच्चों को लुभाने के लिए लाइट वाली राखियां, डोरेमोन, छोटा भीम और सुपरहीरो कैरेक्टर वाली राखियां दुकानों पर सजाई गई हैं।
श्रीफल और पूजन सामग्री की भारी बिक्री
रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर पूजा-अर्चना और धार्मिक विधानों के लिए नारियल  का विशेष महत्व होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बाजारों में जगह-जगह सडक़ किनारे नारियल के विशाल ढेर लगे हुए हैं। लोग रक्षाबंधन की पूजा थाली सजाने और मांगलिक कार्यों के लिए अभी से नारियल और पूजा सामग्री की अग्रिम खरीदारी कर रहे हैं।
व्यापारियों में उत्साह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
त्योहार से दो दिन पहले ही बाजारों में शुरू हुई इस चहल-पहल से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। मिठाई की दुकानों पर भी अभी से घेवर, मावे की मिठाइयों और सूखे मेवों के गिफ्ट पैक की बुकिंग शुरू हो गई है। बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने और सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पूरा भीलवाड़ा शहर अभी से रक्षाबंधन के पर्व के उल्लास और उमंग में डूब चुका है।

अन्य सम्बंधित खबरे