It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

शटडाउन के बाद दौड़ी बिजली से लाइनमैन की मौत, ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी - सडक़ पर शव रख किया मार्ग जाम - 1 करोड़ मुआवजे व नौकरी की मांग
By Lokjeewan Daily - 26-08-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले के रूपाहेली इलाके में बिजली पोल पर काम कर रहे एक लाइनमैन की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। शटडाउन लेने के बावजूद अचानक लाइन में करंट आ जाने से लाइनमैन झुलसकर नीचे गिर पड़ा और इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ सडक़ पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और 1 करोड़ रुपये के मुआवजे व सरकारी नौकरी की मांग रखी। दरअसल, डोडवानिया खेड़ा निवासी भैरूलाल पुत्र लेहरू लाल जाट रूपाहेली में बिजली के पोल पर मरम्मत का काम कर रहा था। परिजनों के अनुसार, काम शुरू करने से पहले नियमानुसार शटडाउन लिया गया था। इसके बावजूद अचानक पोल की लाइन में करंट आ गया, जिससे भैरूलाल झुलस गया और नीचे आ गिरा। गंभीर अवस्था में उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया, लेकिन गंगापुर के पास रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। रायला चौराहे पर सडक़ जाम कर ग्रामीण व परिजन धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने यह रखी मांगे
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा मिले। मृतक के 8 वर्षीय बेटे और 3 वर्षीय बेटी के भविष्य की सुरक्षा हेतु पेंशन की व्यवस्था हो। शटडाउन के बाद करंट कैसे आया, इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायला-बनेड़ा उपखंड अधिकारी, बनेड़ा तहसीलदार, बनेड़ा सहायक अभियंता रंजीत खटीक, कनिष्ठ अभियंता गजेंद्र मीणा और गुलाबपुरा सीओ सतीश मीणा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया।
बिजली विभाग की घोर लापरवाही
शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट का आ जाना बिजली विभाग की घोर लापरवाही की ओर इशारा करता है। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को अनाथ बना दिया है। जब तक विभाग पारदर्शी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं करता और पीडि़त परिवार को न्याय व उचित आर्थिक संबल नहीं देता, तब तक यह जनाक्रोश शांत होना मुश्किल है।

अन्य सम्बंधित खबरे