It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

निकाय चुनाव को लेकर नामांकन शुरू, पहले दिन निर्दलीय उतरे मैदान में
By Lokjeewan Daily - 27-08-2026


-बीजेपी-कांग्रेस वालों को टिकट का इंतजार
- बीजेपी और कांग्रेस कार्यालयों में दावेदारों की भीड़
भीलवाड़ा। जिले सहित प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्डों में चुनावी प्रक्रिया आज से नामांकन के साथ शुरू हो गयी है। इस बार प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करने के लिए व्यवहारिक रूप से सिर्फ तीन दिन मिलेंगे। 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण 27, 29 और 31 अगस्त को ही नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। सबसे दिलचस्प स्थिति पहले दिन देखने को मिलेगी। बीजेपी और कांग्रेस ने अभी तक वार्डों में प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। दोनों दलों के टिकट 28 या 29 अगस्त को जारी होने की संभावना है। ऐसे में आज निर्दलीय प्रत्याशी और वे दावेदार नामांकन भर रहे है  जिन्हें पार्टी टिकट मिलने की उम्मीद नहीं है।
टिकट के लिए दोनों दलों में जबरदस्त लॉबिंग
निकाय चुनाव में टिकट पाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस  कार्यालयों में दावेदारों की भीड़ जुटी हुई है। दोनों दलों में पार्षद के टिकट के लिए प्रदेशभर से करीब एक लाख दावेदारों ने आवेदन किया है। टिकट की दौड़ में शामिल दावेदार अपने-अपने क्षेत्र के नेताओं से संपर्क साध रहे हैं। टिकट घोषित होने से पहले ही प्रमुख शहरों के होटल और पार्टी कार्यालय चुनावी गतिविधियों से गुलजार हैं। पार्टियां दावेदारों के बायोडाटा और राजनीतिक समीकरणों पर मंथन कर रही हैं। टिकट मिलने के बाद प्रत्याशियों के पास प्रचार के लिए भी बेहद सीमित समय रहेगा।
27 से 31 अगस्त तक प्रक्रिया, लेकिन तीन दिन ही नामांकन
राज्य निर्वाचन आयोग ने नामांकन की प्रक्रिया 27 से 31 अगस्त तक रखी है। हालांकि बीच में रक्षाबंधन और रविवार होने के कारण प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करने के लिए सिर्फ तीन कार्य दिवस मिलेंगे। यानी उम्मीदवारों के सामने टिकट मिलने से लेकर नामांकन दाखिल करने और फिर चुनाव प्रचार शुरू करने तक का समय काफी कम रहेगा। यही वजह है कि पार्टी टिकट का इंतजार कर रहे दावेदारों के बीच भी बेचैनी बढ़ी हुई है।
इस बार बुजुर्गों को भी बूथ पर जाकर वोट देना होगा
निकाय चुनाव में घर से मतदान की सुविधा नहीं होगी। लोकसभा चुनाव की तरह बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं के लिए होम वोटिंग की व्यवस्था राज्य निर्वाचन आयोग ने नहीं की है। ऐसे मतदाताओं को भी मतदान के लिए पोलिंग बूथ तक पहुंचना होगा। यानी राजस्थान के निकाय चुनाव में आज से नामांकन का दौर शुरू होने के साथ ही असली चुनावी तस्वीर सामने आने लगेगी। पहले दिन निर्दलीय मैदान में उतरेंगे, जबकि बीजेपी-कांग्रेस के टिकट जारी होते ही अगले दो दिनों में मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।

अन्य सम्बंधित खबरे