It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

होलीरड़ा में शातिर चोरों का तांडव: सोता रहा परिवार, चोरों ने किए लाखों की नकदी व गहने पार
By Lokjeewan Daily - 01-09-2026

-  कमरों को अंदर से कुंडी लगाकर दिया वारदात को अंजाम
- भैंस-बकरियां बेचकर जमा की थी रकम, परिजनों का बुरा हाल
भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले के होलीरड़ा गांव में रात्रि में अज्ञात चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी। शातिर चोरों ने एक पिता-पुत्र के मकान को निशाना बनाते हुए, रोशनदान तोडक़र अंदर घुसे और घर में रखे करीब सवा लाख रुपए नकद व लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के वक्त पूरा परिवार घर के बाहर बरामदे में चैन की नींद सो रहा था। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार सवाईपुर क्षेत्र के होलीरड़ा गांव का निवासी है। रविवार की रात पूरा परिवार भीषण गर्मी या अन्य कारणों से घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर के पिछले हिस्से में स्थित रोशनदान को निशाना बनाया। चोरों ने रोशनदान की सीमेंट की जाली को तोडक़र अंदर प्रवेश किया। इसके बाद, शातिर चोरों ने जिस कमरे में चोरी करनी थी, उसे अंदर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया ताकि परिवार का कोई सदस्य अचानक उठ भी जाए तो अंदर न आ सके।  प्रार्थी रामपाल पिता रामचंद्र बलाई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि चोरों ने उनके कमरे में रखे लोहे के बक्से को खंगाला। बक्से के अंदर कपड़ों की एक पोटली में रखी करीब डेढ़ तोला सोने की रामनवमी, मादलिया और करीब आधा किलो चांदी की पायजेब पर हाथ साफ कर दिया। इतने से भी जब चोरों का मन नहीं भरा, तो वे कमरे की एक छोटी दीवार फांदकर उनके पिता रामचंद्र के कमरे में जा घुसे। वहां से चोरों ने एक तोला सोने की नथ और 1 लाख की नकद राशि चुरा ली।  परिजनों ने बताया कि यह 1 लाख की नकद राशि रामचंद्र ने कड़ी मेहनत से पाली गई अपनी भैंस व बकरियों को बेचकर जमा की थी, ताकि भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सके। सोमवार सुबह जब परिजनों की आंख खुली और उन्होंने कमरों की हालत देखी तो पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, बक्से खुले थे और नकदी व गहने गायब थे। अपनी जीवन भर की मेहनत की गाड़ी कमाई एक ही रात में लुट जाने से परिवार गहरे सदमे में है, विशेषकर घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बडलियास थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर गांव में पुलिस की नियमित रात्रि गश्त नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण चोर बेखौफ हो गए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को पकडऩे और चोरी गया माल बरामद करने के साथ-साथ गांव में नियमित रात्रि गश्त शुरू करने की कड़ी मांग की है।

अन्य सम्बंधित खबरे