It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

शहर की सरकार के लिए मतदान शुरू, दोपहर 1 बजे तक 36.67 प्रतिशत मतदान, बीेगोद नगर पालिका के लिए 67.53 प्रतिशत मतदान
By Lokjeewan Daily - 09-09-2026

- 277 प्रत्याशियों की किस्मत होगी ईवीएम में बंद
- साइकिल से बूथ पहुंच दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
भीलवाड़ा लोकजीवन। टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में शहर की सरकार चुनने के लिए लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो चुका है। नगर निगम के 70 और बिगोद नगर पालिका के 25 वार्डों में सुबह 7 बजे से ही मतदान की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। पहले चरण के इस चुनावी समर में कुल 277 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज ईवीएम  में दर्ज हो रहा है। सुबह से ही मतदाता अपने-अपने बूथों पर कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जहां युवाओं, बुजुर्गों के साथ-साथ समाज के हर वर्ग में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दोपहर तक भीलवाड़ा नगर निगम के लिए 36.67 प्रतिशत और बीेगोद नगर पालिका के लिए 67.53 प्रतिशत मतदान हुआ।
लाइव अपडेट्स: दिग्गजों और आम जनता का उत्साह
सुबह 7 बजे सांसद दामोदर अग्रवालने पोलिंग स्टेशन पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश दिया। सुबह 8.30 बजे विधायक अशोक कोठारी ने कतार में खड़े होकर मतदान किया। मतदान केंद्रों पर दिव्यांगजन भी बेहद उत्साहित नजर आए और व्हीलचेयर व लाठी के सहारे पहुंचकर मतदान में बढ़-चढक़र भाग लिया। कई युवा मतदाताओं ने पहली बार वोट डाला और उंगली पर लगी अमिट स्याही के साथ सेल्फी लेकर अपनी खुशी जाहिर की।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम समेत संतों ने किया मतदान
नगर निगम चुनाव के तहत हरिशेवा धर्मशाला स्थित मतदान केंद्र में बुधवार सुबह एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में संतों ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के साथ संत मायाराम, संत राजाराम, मेघराज, मिहिर और रोमा ने वोट डाला। मतदान के बाद संतों ने अपील करते हुए कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का सबसे बड़ा संवैधानिक अधिकार और परम जिम्मेदारी है। राष्ट्र और शहर के विकास के लिए सभी को बिना किसी दबाव के अपने विवेक से मतदान करना चाहिए।
पैडल मारते पहुंचे मतदान केंद्र, दिया वोट और पर्यावरण का संदेश
दूसरी ओर, भीलवाड़ा साइकिल क्लब के सदस्यों ने पोलिंग बूथ तक पहुंचने के लिए गाडय़िों के बजाय साइकिलों का सहारा लिया। क्लब प्रभारी अरुण संतोष मूछाल के नेतृत्व में सदस्यों ने साइकिल पर पहुंचकर वोट डाला और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। इस दौरान तिलोकचंद छाबड़ा, बाबूलाल जाजू, मदन खटोड़, राजकुमार अजमेरा, राकेश सक्सेना, डॉ. चेतेंद्र पुरी गोस्वामी, डॉ. हेमेंद्र कौशिक, भूपेंद्र मोगरा, सत्यनारायण राठी, भेरूलाल सुवालका, रतनलाल छीपा, मुकेश कुमावत, जिनेंद्र चौधरी, मनोज कुमार तुलसानी, मुकेश सामरिया, विक्रम दाधीच, विजय कपूर, निर्मल व्यास, अतुल शाह, कालूलाल सोनी सहित अनेक सदस्यों ने लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
चुनावी मैदान का गणित: 2.96 लाख मतदाता चुनेंगे नए पार्षद
नगर निगम क्षेत्र के 70 वार्डों में कुल 2,96,842 मतदाता अपने नए पार्षदों का चुनाव कर रहे हैं। मैदान में मौजूद  150 निर्दलीय उम्मीदवारों ने दोनों प्रमुख दलों (भाजपा और कांग्रेस) का चुनावी गणित पूरी तरह उलझा दिया है।
भाजपा - 70 प्रत्याशी
कांग्रेस - 53 प्रत्याशी
आम आदमी पार्टी - 3 प्रत्याशी
बहुजन समाज पार्टी -  1 प्रत्याशी
निर्दलीय: -150 प्रत्याशी
बीगोद नगर पालिका के 25 वार्डों के लिए 13,465 मतदाता 45 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, 14 सितंबर को खुलेंगे नतीजे
शहर के 265 मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होते ही ईवीएम मशीनों को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा, जिसके बाद 14 सितंबर को मतगणना होगी।

निकाय चुनाव के दौरान फर्जी मतदान की शिकायत पर हंगामा, पुलिस बल तैनात
भीलवाड़ा। निकाय चुनाव के मतदान के दौरान नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 में फर्जी मतदान की शिकायत को लेकर अचानक माहौल गर्मा गया। घटना किशनावतों की खेड़ी गांव स्थित मतदान केंद्र की है, जहां फर्जी वोट डाले जाने का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी व हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और चुनावी टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को अनियंत्रित होते देख अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से समझाइश कर मामला शांत कराया और मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से पुन: शुरू करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मतदान केंद्र के बाहर एकत्रित ग्रामीणों और महिलाओं ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फर्जी आईडी के आधार पर वोट डालने का प्रयास किया जा रहा था। जब फर्जी मतदान की भनक लगी तो लोगों ने मौके पर ही इसका विरोध करना शुरू कर दिया, जिससे केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मतदान केंद्र के आसपास घेराबंदी की और लोगों को अनावश्यक रूप से भीड़ जमा न करने की चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है। फर्जी मतदान के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

 


हाईकोर्ट से कांग्रेस को झटका, अर्चना दुबे की याचिका खारिज**
भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के सिंबल विवाद पर राजस्थान हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए अर्चना दुबे की रिट याचिका खारिज कर दी है। इस फैसले से सिंबल व अथॉरिटी लेटर समय पर पेश न कर पाने वाले कांग्रेस के 17 दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। नामांकन के अंतिम समय तक अधिकृत प्रत्याशी को लेकर कई वार्डों में गहराया असमंजस अब सुलझने के बजाय कानूनी मोहर के साथ समाप्त हो गया है। टिकट वितरण से शुरू हुई पार्टी की अंदरूनी खींचतान पहले निर्वाचन अधिकारी और फिर हाईकोर्ट की चौखट तक पहुंची। याचिका में जितेंद्र कुमार दरयानी और चरणजीत सिंह से जुड़े मामलों का भी उल्लेख था। कोर्ट के इस निर्णय के बाद संबंधित वार्डों के चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। 17 दावेदारों और उनके समर्थकों में निराशा है, वहीं विरोधी खेमों की हलचल तेज हो गई है। चुनाव प्रचार के ऐन वक्त पर आए इस फैसले ने कांग्रेस की चुनावी रणनीति को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि सिंबल से वंचित रहे ये दावेदार निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं या पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में उतरते हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे