It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

नौ पालिकाओं में दोपहर 1 बजे तक 57.28 प्रतिशत मतदान, हमीरगढ़-मांडलगढ़ में इवीएम खराब, गुलाबपुरा में हंगामा
By Lokjeewan Daily - 11-09-2026

- नवगठित हमीरगढ़ व बनेड़ा में वोटरों का दिखा जबरदस्त उत्साह, बनेड़ा में स्वैच्छिक बंद रहे बाजार, शाहपुरा में विधायक के पोलिंग बूथ में प्रवेश पर कांग्रेस का विरोध


भीलवाड़ा लोकजीवन। नगर निकाय चुनावों के दूसरे चरण में भीलवाड़ा जिले की नौ नगर पालिकाओं में आज मतदान हो रहा है। शहरी सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में उत्साह है। कुल 230 पार्षदों को चुनने के लिए सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। दोपहर 1 बजे तक 134805 मतदाताओं में से 77226 यानी लगभग 57.28 प्रतिशत ने इवीएम के जरिये वोट डाले। हमीरगढ़ व मांडलगढ़ में ईवीएम खराब होने के कारण कुछ देर मतदान  रुका रहा। गुलाबपुरा में फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और लोगों को बाहर किया।
कई पालिकाओं में शुरुआत धीमी रही। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, मतदान बढ़ता गया। प्रत्याशी वोटर्स से अपने पक्ष में मतदान करने की मनुहार कर रहे हैं। नवगठित हमीरगढ़ व बनेड़ा नगर पालिका के मतदाताओं में अन्य पालिकाओं की तुलना में अच्छा उत्साह देखा गया। बनेड़ा में मतदान को लेकर लोगों ने स्वैच्छिक रूप से बाजार बंद रखे। यहां सुबह से कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लाइनें लगी रही। बनेड़ा व हमीरगढ़ में सुबह 10 बजे तक 35 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई। इस समय तक हमीरगढ़ में सर्वाधिक 35.71 प्रतिशत वोट पड़े। अन्य पालिकाओं आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, शाहपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़, बिजौलियां में 22 से 28 प्रतिशत तक मतदान हुआ। मांडलगढ़ में मतदान की शुरुआत सबसे धीमी रही। यहां सुबह 10 बजे तक महज 22.59 फीसदी ने वोट डाले, जबकि अन्य पालिकाओं में इससे अधिक वोट डले। कई मतदान केंद्र सूने रहे या अपेक्षाकृत कम कमारें रहीं।
दोपहर एक बजे तक भी सर्वाधिक 64.41 फीसदी मतदान हमीरगढ़ में हुआ। दूसरे नंबर पर बनेड़ा पालिका रही, जहां 62.60 प्रतिशत वोट डाले गए। इस समय तक शाहपुरा में सबसे कम  53.16 प्रतिशत तथा मांडलगढ़ में 53.47 प्रतिशत मत गिरे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अरविंद सारस्वत तथा जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक होगा। इसी के साथ प्रत्याशियों की किस्मत इवीएम में बंद हो जाएगी। इसके बाद सभी इवीएम नगर पालिका स्तर पर बनाए स्ट्रांग रूम में जमा कराई जाएगी।  

गुलाबपुरा में फर्जी वोटिंग पर हंगामा
गुलाबपुरा के वार्ड नंबर आठ में मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग को लेकर लोगों ने हंगामा मचा दिया। मतदान स्थल के बाहर बड़ी संख्या में भीड़ इक_ा हो गई। भीड़ को खदेडऩे के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया । इस दौरान दोनों ही पार्टी के समर्थकों ने एक दूसरे के ऊपर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाया।

हमीरगढ़ व मांडलगढ़ में ईवीएम खराब, रुकी वोटिंग
हमीरगढ़ नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 में स्थित मूनपुरा वार्ड में ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण वोटिंग को थोड़ी देर के लिए रोका गया। मतदान अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। दूसरी इवीएम आई, तब जाकर पुन: वोटिंग शुरू हो सकी। मांडलगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में सुबह 7 बजे मतदान की शुरूआत हुई। वार्ड 9 व 11 में इवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण कुछ देर मतदान रुका रहा। बाद में इस खामी को दूर कर दिया गया। तब मतदान पुन: शुरू हुआ।

विधायक पर पोलिंग बूथ में जाने का आरोप, कांग्रेस का विरोध
शाहपुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक लालाराम बैरवा पर वोटिंग के दौरान हर पोलिंग बूथ के अंदर जाने का आरोप लगाया है। इस पर विरोध जताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाहपुरा के रिटर्निग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बनवारी सिनसिनवार से मिले। कांग्रेस ने एतराज जताया।

सबसे पहले मॉक पोल
मतदान अधिकारियों ने अपने-अपने पोलिंग बूथों पर वास्तविक मतदान शुरू करने से पहले पोलिंग पार्टियों व निर्दलीय प्रत्याशियों के एजेंटों की उपस्थिति में इवीएम से मॉकपोल किया। इसका मकसद यह था कि मतदान से पहले इवीएम को लेकर सभी प्रतिनिधियों को संतुष्ट करना।

बुजुर्गों-दिव्यांगों ने भी निभाई जिम्मेदारी
लोकतंत्र के इस महायज्ञ में आहुति देने में बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाता भी पीछे नहीं रहे। कई व्हील चेयर पर तो कई अपनों के सहारे मतदान केंद्र तक पहुंचे और वोट डाला। इसी के साथ उन्होंने यह संदेश दिया कि हमने निभाई अपनी जिम्मेदारी, अब आप भी निभाओ।

मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा
संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। पुलिस सहित अन्य सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।

समय के बाद यूं बढ़ता गया मतदान
नगर पालिका वार्ड कुल मतदाता 10 बजे 1 बजे
आसींद 25 16671 28.59 58.85
गुलाबपुरा 35 21895 24.83 54.45
गंगापुर 25 14315 27.99 60.66
हमीरगढ़ 20 9028 35.71 64.41
बनेड़ा 20 8565 35.39 62.60
शाहपुरा 35 23438 24.70 53.16
जहाजपुर 25 16627 26.99 57.97
मांडलगढ़ 20 11113 22.59 53.47
बिजौलियां 25 13153 28.19 57.74

अन्य सम्बंधित खबरे