It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

मौसम का यू-टर्न: पूर्वी राजस्थान में बारिश का अलर्ट, पश्चिमी इलाकों में 40 डिग्री की तपिश
By Lokjeewan Daily - 12-09-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। प्रदेश में इस समय मौसम के दो अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंचने से तीखी धूप और भारी उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है, वहीं दूसरी ओर पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार, आगामी 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी, सवाई माधोपुर, भरतपुर और अलवर जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी करते हुए सतर्क रहने की बात कही गई है। मरुधरा के पश्चिमी हिस्से में अभी भी गर्मी का तीखा असर बना हुआ है। बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। दोपहर के समय तेज धूप के साथ उमस बढऩे से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, पूर्वी दिशा से आ रही नम हवाओं के चलते कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाने और छिटपुट बौछारें पडऩे से तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।
भीलवाड़ा में टिकी नजरें, 24 घंटे में बदल सकता है मौसम
भीलवाड़ा सहित पूरे मेवाड़ अंचल में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण उमस और चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासियों की नजरें अब आसमान पर टिकी हुई हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी 24 घंटों में वायुमंडल में बदलाव देखने को मिल सकता है। यदि क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां जोर पकड़ती हैं, तो पारा नीचे गिरेगा और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिल सकेगी।

अन्य सम्बंधित खबरे