It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

भाजपा में महापौर-अध्यक्ष के लिए मंथन तेज, आज देर रात आ सकती प्रत्याशियों की सूची
By Lokjeewan Daily - 15-09-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। नगर निगम एवं दस पालिका चुनावों के नतीजों के बाद अब सबकी निगाहें महापौर व चेयरमैन पर है। नगर निगम महापौर व दस पालिकाओं में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आज सुबह 10:30 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर निगम के पहली बार हुए चुनाव में भाजपा को 75 फीसदी सीटें मिलने से हौसले चरम पर है। वह चौथी बार अपना बोर्ड बनाएगी। सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित महापौर पद प्रत्याशी के लिए जयपुर में मशक्कत हो रही है।
भाजपा के अजमेर संभाग चुनाव प्रभारी राज्य वित्त निगम अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी नगर निगम व भीलवाड़ा जिले की पालिकाओं को लेकर प्रमुख नेताओं के साथ मीटिंग कर रहे हैं। नगर निगम महापौर को लेकर दो दौर की मीटिंग हो चुकी। चतुर्वेदी ने अजमेर संभाग चुनाव सह प्रभारी लालचंद कटारिया, जिला प्रभारी संगठन संजय जैन, नगर निगम चुनाव प्रभारी वीरमदेव सिंह, सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी से फीडबैक लिया। एक साथ मीटिंग के बाद अलग-अलग भी चर्चा हुई। इसमें महापौर के संभावित नामों को लेकर मंथन हुआ।
चतुर्वेदी पालिकाओं में भाजपा अध्यक्ष बनाने के लिए भी संबंधित विधायकों व पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि आज दे रात तक महापौर व पालिकाध्यक्ष प्रत्याशियों का नाम तय होने की पूरी संभावना है।
कुल 70 सदस्यीय निगम में भाजपा को 45 सीटें मिली है। कांग्रेस दस पर सिमट गई, जबकि निर्दलीय 15 पर पहुंचे। इन आंकड़ों के कारण निर्दलीयों की जरूरत ही नहीं रही। भाजपा में वार्ड 29 से खुशबू गुसाई,  वार्ड 30 से ममता बाहेती, वार्ड 33 से नेहा जोशी, वार्ड 34 से आभा लढ़ा, वार्ड 48 से प्रेमदेवी खोईवाल, भाजपा में वार्ड नंबर 59 से चंदा त्रिपाठी, 60 से सुमन ओझा, वार्ड 61 से पूर्णिमा जैन के नामों की चर्चा है। वर्तमान में सांसद दामोदर अग्रवाल व विधायक अशोक कोठारी वैश्य वर्ग से हैं।
ब्राह्मण को मिल सकता मौका
2021 के चुनाव में भाजपा ने ब्राह्मण वर्ग से राकेश पाठक को महापौर बनाया था। ऐसे में इस बार भी ब्राह्मण वर्ग को मौका मिलने के पूरे आसार हैं। हालांकि प्रेमदेवी खोईवाल का नाम सबसे अंत में उस वक्त आ सकता है, जब अन्य नामों पर सब नेता एकराय नहीं हो। चर्चा तो ये भी है कि जयपुर से कोई नए नाम की पर्ची भी आ जाए तो बड़ी बात नहीं है। इसकी वजह है-कांग्रेसराज में निकाय कानून में हुआ वो संशोधन, जिसके तहत पार्षद बने बिना भी कोई भी व्यक्ति महापौर बन सकता है। कुल मिलाकर जातिगत व नेताओं के समीकरण किस नाम पर फिट बैठते हैं, और प्रदेश संगठन किसे हरी झंडी देता है, वहीं अगला महापौर होगा।
निकाय अध्यक्षों के लिए जोड़तोड़ शुरू
जिले में कई निकायों की स्थिति साफ नहीं हो पाई है। गुलाबपुरा, बीगोद, आसींद, हमीरगढ़, बिजौलियां, बनेड़ा में किसी भी पार्टी को बोर्ड बनाने जितना स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में अब दोनों ही पार्टियां भाजपा व कांग्रेस इन पालिकाओं में चेयरमैन बनाने के लिए जोड़-तोड़ की गणित में लगी हैं। निर्दलीय को अपने पक्ष में करने के प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा-कांग्रेस दोनों का दावा है कि इन पालिकाओं में हम बोर्ड बनाने में कामयाब होंगे।

कल दोपहर तक हो जाएगी स्थिति साफ
राज्य निर्वाचन आयोग ने आज सुबह 7 बजे निकाय प्रमुखों के चुनाव के अधिसूचना जारी कर दी। निकायों में आज सुबह 10:30 बजे से लेकर कल दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। आवश्यक होने पर 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से 2 बजे तक मतदान होगा।
उप महापौर व उपाध्यक्ष का चुनाव 22 को
जिला निर्वाचन विभाग के अनुसार उप महापौर व उपाध्यक्ष चुनाव 22 सितंबर को होंगे। नवनिर्वाचित बोर्ड की बैठक सुबह 10 बजे होगी। नामांकन सुबह 11 बजे तक होंगे। नामांकन पत्रों की समीक्षा सुबह 11:30 बजे से होगी। अपराह्न 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता होने पर मतदान दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसके तुरंत पश्चात मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

अन्य सम्बंधित खबरे