It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

मौसम बदलते ही बीमारियों ने पसारे पांव, एमजीएचमें उमड़ी मरीजों की भीड़
By Lokjeewan Daily - 18-09-2026

- पर्ची कटाने के लिए कतारों में हलकान रहे लोग
- चिकित्सक कक्षों के बाहर लगी लंबी कतारें
भीलवाड़ा। जिले में मौसम के बदलते तेवरों और लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव ने आमजन के स्वास्थ्य पर असर डालना शुरू कर दिया है। मौसमी बीमारियों और वायरल फीवर के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी होने के कारण जिला मुख्यालय स्थित सबसे बड़े महात्मा गांधी अस्पताल  में मरीजों का हुजूम उमड़ रहा है।
शुक्रवार को भी अस्पताल की ओपीडी में अलसुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की भारी भीड़ नजर आई। पर्ची काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कमरों के बाहर तक मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।
अस्पताल परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। मरीजों को पहले पंजीयन काउंटर पर पर्ची कटवाने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। इसके बाद संबंधित रोग विशेषज्ञ चिकित्सक को दिखाने के लिए ओपीडी गैलरी में लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों को साथ लाए परिजनभीड़ के बीच परेशान होते नजर आए। दवा वितरण केंद्रों पर भी मरीजों की कतारें लगी रहीं।
वायरल, सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज ज्यादा
चिकित्सकों के अनुसार, मौसम में आए अचानक बदलाव के कारण प्रतिरक्षा तंत्र कमजोर हो रहा है, जिससे लोग आसानी से वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज तेज बुखार, बदन दर्द, सिरदर्द, सर्दी-जुकाम, खांसी और गले में खराश  के साथ उल्टी एवं दस्त ककी शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बच्चों में भी वायरल फीवर और पेट से जुड़ी समस्याएं अधिक देखी जा रही हैं।
चिकित्सकों की सलाह, बरते सावधानी

अस्पताल प्रशासन एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने आमजन से मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उनका कहना है कि ताजा व सुपाच्य भोजन लें और बासी भोजन व बाहर के कटे-फटे फल या खुले पेय पदार्थों से परहेज करें। पानी को अच्छे से उबालकर ठंडा करके पीएं ताकि जलजनित बीमारियों से बचा जा सके। पंखे या एसी की सीधी हवा से बचें और अचानक ठंड से गर्म वातावरण में जाने से परहेज करें। किसी भी प्रकार का बुखार या जुकाम होने पर मनमर्जी से दवा  न लें, तुरंत नजदीकी चिकित्सक से परामर्श लें।

 

अन्य सम्बंधित खबरे