It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

डोटासरा दें इस्तीफा, सद्बुद्धि के लिए पीसीसी सदस्य पालीवाल ने किया यज्ञ
By Lokjeewan Daily - 19-09-2026

 भीलवाड़ा लोकजीवन। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी  सदस्य मनोज पालीवाल ने एक अनोखा विरोध दर्ज कराया। अग्नि को साक्षी मानकर पालीवाल ने यज्ञ का आयोजन किया और ईश्वर से पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को सद्बुद्धि देने तथा पद से इस्तीफे की कामना की। पालीवाल का आरोप है कि नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों को सिंबल आवंटन में भारी लापरवाही बरती गई, जिससे 17 कांग्रेस प्रत्याशी सिंबल से वंचित रह गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व और प्रभारी सिंबल बांटने में नाकाम रहे, जिसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा।
मीडिया से बातचीत में पालीवाल ने कहा कि देहात की नगर पालिकाओं में सिंबल बांटे गए, लेकिन भीलवाड़ा शहर में षड्यंत्र के तहत सिंबल नहीं भेजे गए। उन्होंने इसे शहर के  जिलाध्यक्ष की उपेक्षा और अपमान करार दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी पंचायत राज चुनावों में कार्यकर्ताओं के हित सुरक्षित रहें, इसके लिए डोटासरा को पद छोड़ देना चाहिए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब पालीवाल से बड़े नेताओं की चुप्पी और उनके अकेले पडऩे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इस बात का जवाब तो बड़े नेता ही दे पाएंगे। उन्होंने किसी को क्लीन चिट देने से इनकार करते हुए सीधे तौर पर पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को कटघरे में खड़ा किया। पालीवाल ने कहा— चाहे पार्षद का सिंबल हो, पालिका का हो या महापौर का सिंबल, प्रदेश अध्यक्ष ही प्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार हैं। वे अपने कार्य को करने में कहीं न कहीं कॉम्प्रोमाइज्ड रहे हैं। मुझे यह कहते हुए बड़ा शर्म आ रहा है कि भीलवाड़ा नगर निगम के मामले में गोविंद सिंह डोटासरा प्रत्यक्ष रूप से कॉम्प्रोमाइज्ड हैं। अब वे क्यों कॉम्प्रोमाइज्ड हो रहे हैं, इस बात का जवाब वही दे सकते हैं।  प्रशासन व पुलिस पर सांठगांठ के आरोपों से जुड़े सवाल पर पालीवाल ने स्पष्ट किया कि वे पुलिस प्रशासन से अन्य जिला मुख्यालयों पर हो रही खरीद-फरोख्त रोकने का निवेदन करने गए थे और जहां भी कांग्रेस को आवश्यकता होगी, वे मुखर रहेंगे। लेकिन मुख्य विषय भीलवाड़ा नगर निगम में 17 कांग्रेस प्रत्याशियों और महापौर का सिंबल न मिल पाना ही है, जिसके लिए डोटासरा पूरी तरह जिम्मेदार हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे