It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

जुझार जी की मूर्ति फिर खंडित, तेली समाज व विहिप में भारी आक्रोश; कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
By Lokjeewan Daily - 28-09-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। शहर के प्रताप नगर स्कूल परिसर स्थित प्राचीन जुझार जी महाराज मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा बार-बार तोडफ़ोड़ कर मूर्ति खंडित करने की घटना से तेली समाज, विश्व हिंदू परिषद   और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। घटना से गुस्साए समाजजनों और विहिप के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक  को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। राजस्थान प्रांतीय तैलिक साहू महासभा के प्रदेश प्रभारी एडवोकेट कुशल साहू और स्थानीय वार्ड नंबर 19 के पार्षद शिवराज गुर्जर ने  बताया कि प्रताप नगर स्कूल परिसर में तेली समाज और स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र जुझार जी महाराज का प्राचीन स्थान है। इससे पूर्व 17-18 मई को भी असामाजिक तत्वों द्वारा यहां तोडफ़ोड़ कर मूर्ति को खंडित किया गया था, जिसकी रिपोर्ट प्रताप नगर थाने में दर्ज कराई गई थी। उस समय प्रशासन द्वारा आगे ऐसी घटना न होने का आश्वासन दिया गया था।
समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि पिछली घटना के बाद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने और असामाजिक तत्वों की पहचान न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इसके चलते 26 सितंबर की रात असामाजिक तत्वों ने सोची-समझी साजिश के तहत एक बार फिर मंदिर में तोडफ़ोड़ कर जुझार जी महाराज की मूर्ति को खंडित कर दिया। सुरक्षा के लिहाज से कैमरे लगवाने और चारदीवारी कराने के बावजूद इस प्रकार की पुनरावृत्ति से क्षेत्र के लोगों में भारी असंतोष है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि असामाजिक तत्वों की इस हरकत से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और भीलवाड़ा के शांतिप्रिय माहौल को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। विहिप, तेली समाज व समस्त हिंदू संगठनों ने मांग की है कि घटना के दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में पुलिस जाब्ता बढ़ाया जाए। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो समाज उग्र आंदोलन, आक्रोश रैली निकालने और धरने-प्रदर्शन के लिए मजबूर होगा।

अन्य सम्बंधित खबरे