It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

संगम इंडिया लिमिटेड में भीषण आग, मची अफरा-तफरी, करोड़ों का माल स्वाहा
By Lokjeewan Daily - 01-10-2026

-12 घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
- 15 से अधिक दमकलों ने बुझाई लपटें
भीलवाड़ा लोकजीवन। अजमेर-भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर स्थित सरेरी स्थित संगम इंडिया लिमिटेड (यूनिट-2) के री-साइकिल प्लांट में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम में रखी रूई और अन्य कच्चा माल धूं-धूं कर जलने लगा। गनीमत रही कि हादसे के समय सतर्कता बरतते हुए प्लांट में काम कर रहे सभी कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। हालांकि इस घटना में करीब 4 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे री-साइकिल प्लांट से अचानक धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। रूई का गोदाम होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आग फैलती देख मिल परिसर में एकाएक अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। सुरक्षाकर्मियों व प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले फैक्ट्री में मौजूद श्रमिकों को बाहर निकाला और दमकल विभाग को सूचना दी। आग की भयावहता को देखते हुए भीलवाड़ा, रायला, गुलाबपुरा और आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों से 10 से 15 दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। आग इतनी भीषण थी कि 12 घंटे से भी अधिक समय तक दमकलकर्मी लपटों पर काबू पाने का प्रयास करते रहे। पूरी रात और अगले दिन सुबह तक पानी की बौछारें मारकर आग को नियंत्रित करने की मशक्कत जारी रही। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि कंपनी प्रबंधन और पुलिस प्रशासन द्वारा वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार नुकसान का सटीक आकलन और आग का सही कारण पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

अन्य सम्बंधित खबरे