It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

युवक पर जानलेवा हमला: लोहे के सरियों और पाइप से मारपीट
By Lokjeewan Daily - 03-10-2026

-  आधा दर्जन से ज्यादा थे बदमाश
- गंभीर घायल निजी हॉस्पिटल में भर्ती
भीलवाड़ा लोकजीवन। शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखाडिय़ा सर्किल के पास शुक्रवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। सरियों और पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर अवस्था में घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना को लेकर पीडि़त के भाई ने सदर थाने में मामला दर्ज कराने के लिए लिखित रिपोर्ट दी है।
 जानकारी के अनुसार नेहरू विहार निवासी विनीत कुमार पटवारी ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि उनका भाई विपिन कुमार पटवारी 2 अक्टूबर की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच स्कूटी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सुखाडिय़ा सर्किल के पास सडक़ पर पहले से घात लगाए बैठे 6 से 7 अज्ञात व्यक्तियों ने अचानक उस पर लोहे के सरियों और पाइप से हमला बोल दिया। विपिन उस वक्त अकेला था, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने उस पर बेरहमी से ताबड़तोड़ वार किए। अचानक हुए इस जानलेवा हमले में विपिन के दोनों पैरों, सिर के पास, आंख और पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं और जगह-जगह फ्रैक्चर हो गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए केशव हॉस्पिटल भीलवाड़ा लेकर गए, जहां उसे भर्ती कराया गया है। पीडि़त पक्ष की ओर से सदर थानाधिकारी को शिकायत प्रस्तुत कर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अन्य सम्बंधित खबरे