It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

मेडिकल कॉलेज के 90 इंटर्नस 5 महीने से स्टाइपेंड न मिलने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
By Lokjeewan Daily - 10-10-2026

- एमजीएच के आपातकालीन विभाग के बाहर किया विरोध प्रदर्शन
- प्राचार्य को ज्ञापन देकर बोले पैस्े नहीं मिलने तक करेंगे कार्य बहिष्कार  
भीलवाड़ा लोकजीवन। राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महात्मा गांधी चिकित्सालय  के 90 इंटर्न डॉक्टर्स ने पिछले पांच महीनों से स्टाइपेंड का भुगतान नहीं होने के विरोध में शनिवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और हड़ताल शुरू कर दी है। शनिवार को सभी 90 इंटर्न डॉक्टर्स एमजीएच के आपातकालीन विभाग के बाहर एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. पूजा गंगराड़े को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं रखीं। प्रिंसिपल ने डॉक्टर्स को सोमवार को अकाउंट सेक्शन से वार्ता कर समाधान निकालने का भरोसा दिलाया।
अकाउंट सेक्शन पर लापरवाही और अनदेखी का आरोप
सौंपे गए ज्ञापन में इंटर्नस ने अकाउंट्स विभाग पर गंभीर लापरवाही, संवादहीनता और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का आरोप लगाया। डॉक्टर्स का कहना है कि बार-बार लिखित व मौखिक गुहार लगाने के बावजूद उनकी कोई सुध नहीं ली गई। लगातार 5 महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्हें भारी आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से गुजरना पड़ रहा है। युवा डॉक्टर्स का कहना है कि दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे रहने के बावजूद उनके बुनियादी अधिकारों की अनदेखी की जा रही है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।
लिखित स्पष्टीकरण और भुगतान होने तक संघर्ष का ऐलान
आंदोलित इंटर्न डॉक्टर्स ने दो टूक स्पष्ट कर दिया है कि जब तक पूरे पांच माह का बकाया स्टाइपेंड उनके बैंक खातों में क्रेडिट नहीं हो जाता और इस लंबी देरी को लेकर अकाउंट्स विभाग की ओर से संतोषजनक लिखित स्पष्टीकरण नहीं दिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। डॉक्टर्स ने कॉलेज प्रशासन व उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान किया जाए, ताकि हड़ताल के चलते अस्पताल में आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

अन्य सम्बंधित खबरे