It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

शारदीय नवरात्र कल से: पांडालों और मंदिरों में घट स्थापना संग विराजेंगी मातारानी
By Lokjeewan Daily - 10-10-2026

- आजाद चौक में शुरू होगा रामलीला मंचन
- शक्तिपीठों पर पदयात्रा कर दर्शन को पहुंचेगे भक्त
भीलवाड़ा। शहर में शारदीय नवरात्र पर्व रविवार से अपार उत्साह, भक्ति और श्रद्धा के साथ शुरू होने जा रहा है। नौ दिवसीय इस महाअनुष्ठान को लेकर शहरभर के प्रमुख शक्तिपीठों, मंदिरों और विभिन्न क्षेत्रों में मां जगदम्बा के स्वागत व घट स्थापना की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। घरों से लेकर भव्य पांडालों तक मातारानी की प्रतिमाएं शुभ मुहूर्त में विधि-विधानपूर्वक विराजित की जाएगी। इसे लेकर बाजारों में शनिवार को प्रतिमाओं की खुब बिक्री हुई। शहर के माणिक्य नगर, हरनी महादेव रोड स्थित हनुमान कॉलोनी तथा विभिन्न चौराहों पर मातारानी की अगवानी के लिए आकर्षक और भव्य पांडाल सजाए गए हैं। हरनी रोड पर जोगणिया माता सेवा समिति की ओर से भव्य पांडाल तैयार किया गया है, जिसमें आकर्षक वस्त्र सज्जा व तोरण द्वार बनाए गए हैं। वहीं शहर के प्रमुख मंदिरों व शक्तिपीठों को रंग-बिरंगी दुधिया रोशनी व विद्युत सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया है। रात होते ही बाबाधाम, हरनी स्थित चामुंडा माता मंदिर और रोडवेज बस स्टैंड स्थित शक्ति धाम रोशनी से सराबोर नजऱ आ रहे हैं।
शुभ मुहूर्त में होगी घट स्थापना
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार रविवार सुबह शुभ वेला में घरों और सार्वजनिक पूजा पांडालों में घट स्थापना  के साथ 9 दिवसीय शक्ति उपासना का अनुष्ठान शुरू होगा। प्रथम दिन मां शैलपुत्री का पूजन-अर्चन किया जाएगा। भक्ति संगीत, अखंड ज्योत और गर्बा रास की धुनों पर शहरवासी नौ दिनों तक मातारानी की आराधना में मग्न रहेंगे।
उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
नवरात्र के प्रथम दिन से ही शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों बाबाधाम, रोडवेज बस स्टैंड स्थित शक्ति धाम और हरनी महादेव स्थित चामुंडा माता मंदिर में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का भारी तांता लगेगा। सुरक्षा व्यवस्था व सुगम दर्शन के लिए मंदिर कमेटियों और पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उधर आजाद चौक में रविवार से 15 दिवसीय रामलीला मंचन भी शुरू होगा। इसकी भी तैयारियां पूरी की जा रही है।

अन्य सम्बंधित खबरे