It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

राष्ट्रीय लोक अदालत शुरू, 21 बेंचों पर मामलों का हो रहा है त्वरित निस्तारण
By Lokjeewan Daily - 10-10-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले में इस वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत  शनिवार को शुरू हुई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस लोक अदालत को लेकर जिला मुख्यालय से लेकर विभिन्न न्यायालय परिसरों में सुबह से ही  आमजन की भीड़ देखने को मिल रही है। जिला एवं सेशन न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष  अभय जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेगा लोक अदालत में सिविल, फौजदारी और राजस्व मामलों का आपसी सहमति से ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया जा रहा है। जिले में मामलों के सुचारू और त्वरित निस्तारण के लिए कुल 21 विशेष बेंचों का गठन किया गया है। इन बेंचों में न्यायिक अधिकारी, राजस्व अधिकारी और अनुभवी अधिवक्ता सदस्य के रूप में पक्षकारों के बीच आमने-सामने बैठकर समझाइश कर रहे हैं, जिससे वर्षों से अटके विवादों का आज ही सौहार्दपूर्ण समाधान निकल रहा है। प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने बताया कि  अदालत में प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों, जैसे बैंक ऋ ण, बिजली-पानी के बिल और चेक बाउंस (एनआई एक्ट) से जुड़े प्रकरणों में मूल राशि से भी कम भुगतान और ब्याज में भारी छूट का लाभ दिया जा रहा है। हाथों-हाथ फैसले होने से आमजन को अदालती चक्करों से मुक्ति मिल रही है।  पारंपरिक अदालतों की लंबी और औपचारिक प्रक्रिया से दूर, लोक अदालत का माहौल बेहद सहज और खुला है। यहां दोनों पक्षों को अपनी बात खुलकर रखने का मौका मिल रहा है। किसी भी पक्ष पर कोई भी समझौता थोपा नहीं जा रहा, बल्कि दोनों पक्षों की स्वेच्छिक सहमति के आधार पर ही अंतिम आदेश पारित किए जा रहे हैं। इस अनूठी पहल से पक्षकारों का धन और समय दोनों बच रहा है।

अन्य सम्बंधित खबरे