It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बनेड़ा में 300 किलो खराब मावा कराया नष्ट
By Lokjeewan Daily - 16-10-2026

- मांडल में 180 किलो तेल सीज
- आसींद में एक्सपायरी सामग्री फेंकी
भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले में मिलावटखोरों और अमानक खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। टीम ने बनेड़ा, मांडल और आसींद समेत शहर के कई प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण कर भारी मात्रा में अखाद्य व अवधिपार  सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई, वहीं संदिग्ध तेल को सीज कर नमूने जांच के लिए अजमेर प्रयोगशाला भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बीती रात बनेड़ा स्थित मैसर्स चारभुजा मावा भंडार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लगभग 300 किलोग्राम मावा उपयोग के योग्य नहीं पाया गया। टीम ने स्वास्थ्य के लिए हानिकारक इस मावे को तुरंत मौके पर ही नष्ट करवाया। साथ ही मावे का नियमानुसार नमूना लेकर जांच के लिए भिजवाया गया। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी साक्षी जैन और शाहरुख हुसैन सहित अन्य जांच अधिकारी मौजूद रहे। सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि टीम ने मांडल के ज्ञानगढ़ स्थित देवनारायण किराना स्टोर का निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान मूंगफली तेल के 'सूरज' ब्रांड का नमूना लेकर 180 किलोग्राम तेल मौके पर ही सीज किया गया। इसके अलावा करेड़ा स्थित शांतिनाथ ऑयल मिल से भी मूंगफली तेल का नमूना लिया गया। इस कार्रवाई में सीएमएचओ डॉ. शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव समेत टीम के सदस्य शामिल थे। टीम ने आसींद स्थित मैसर्स बालाजी सेल्स पर छापा मारा, जहां विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ करीब 250 किलोग्राम एक्सपायरी खाद्य सामग्री फिंकवाई गई। शहर स्थित मैसर्स महालक्ष्मी प्रोविजन स्टोर से गजक, रसगुल्ले, बीकाजी नमकीन और मैगी के नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशाला, अजमेर भिजवाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, विजय मेहता और संजय वर्मा मौजूद रहे।

अन्य सम्बंधित खबरे