It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

महाअष्टमी व नवमी पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, घर-घर पूजी जाएगी दियाढ़ी
By Lokjeewan Daily - 16-10-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर वस्त्रनगरी भीलवाड़ा पूरी तरह से शक्ति की भक्ति में लीन हो चुकी है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक माता रानी के जयकारों की गूंज है। इस बार तिथियों के विशेष संयोग के बीच सोमवार को दुर्गा अष्टमी तथा मंगलवार को महानवमी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में महाआरती, विशेष श्रृंगार और महाप्रसाद के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अष्टमी और नवमी के मौके पर शहर के प्रसिद्ध हरणी महादेव स्थित चामुंडा माता मंदिर, पुलिस लाइन के पीछे बाबाधाम, रोडवेज बस स्टैंड स्थित शक्तिधाम सहित तमाम प्रमुख शक्तिपीठों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों की लड़ी से सजाया गया है। सोमवार तडक़े से ही मंदिरों के पट खुलते ही महाभोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। कई स्थानों पर हवन-कुंड सजाए गए हैं, जहां वैदिक मंत्रोचार के साथ पूर्णाहुति दी जाएगी।
परंपरागत रीति-रिवाज से पूजी जाएगी दियाढ़ी
नवरात्र के इन विशेष दिनों में भीलवाड़ा के घर-घर में कुलदेवी के पूजन की परंपरा निभाई जाएगी। जन-जन की आस्था का प्रतीक दियाढ़ी पूजन सोमवार और मंगलवार को श्रद्धापूर्वक होगा। सनातन परंपरा के अनुसार परिवारजन अपनी-अपनी कुलदेवी के समक्ष दीपक प्रज्वलित कर, दियाढ़ी पर नैवेद्य और प्रसाद अर्पित करेंगे तथा परिवार की सुख-समृद्धि एवं निरोगी काया की कामना करेंगे।
कन्या पूजन और महाप्रसाद वितरण का आयोजन
अष्टमी व नवमी पर जगह-जगह कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालु घर-घर नौ बालिकाओं का पूजन कर उन्हें हलवा, पूरी और चने का प्रसाद जिमाएंगे व दक्षिणा देकर आशीर्वाद लेंगे। इसके साथ ही विभिन्न गरबा पंडालों में भी अष्टमी की रात डांडिया रास की धूम रहेगी, जहां महाआरती के बाद भक्तों में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। पुलिस व प्रशासन ने भी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे