It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

गणपति भक्ति की बहार, महाआरती, गरबा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जमाई रौनक
By Lokjeewan Daily - 28-08-2025

 गणपति बप्पा मोरिया से गुंजायमान हो रहे पांडाल
- सांझ ढलते ही शहर में हर तरफ उत्सव का माहौल
भीलवाड़ा। भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक विरासत के संगम में डूबा भीलवाड़ा शहर बुधवार की रात गणेश महोत्सव के रंग में सराबोर हो गया। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व के बाद स्थापित हुए गणपति पंडालों में महाआरती, गरबा और डांडिया की धुन ने शहर में एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया। विभिन्न इलाकों में बने पंडालों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा, जहां देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जयकारों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। शहर के प्रमुख हिस्सों जैसे पटेल नगर, बापू नगर, शास्त्री नगर, माणिक्य नगर, संजय कॉलोनी, सांगानेरी गेट और अन्य दर्जनों स्थानों पर गणेश जी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। हर पंडाल की अपनी एक अलग ही छटा देखने को मिल रही है। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट और गणेश जी के मनमोहक स्वरूप को देखने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। बुधवार शाम को जैसे ही महाआरती का समय हुआ, गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
प्रतियोगिताओं में दिखा अभूतपूर्व उत्साह

महाआरती के बाद गणेश जी को मोदक और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का भोग लगाया गया, जिसे बाद में भक्तों के बीच प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इसके बाद, गणेश पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का दौर शुरू हुआ, जिसने पूरे माहौल में जान भर दी। शहर के युवाओं से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक, हर वर्ग ने डांडिया और गरबा प्रतियोगिताओं में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। पारंपरिक वेशभूषा, जैसे लहंगा-चोली और पारंपरिक कुर्ते-पायजामे में सजे धजे प्रतिभागियों ने जब एक लय में डांडिया खेलना शुरू किया, तो देखने वाले मंत्रमुग्ध हो गए। कई पंडालों में फैंसी ड्रेस, गायन और नृत्य जैसी अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में विजेताओं को अंत में आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों का जोश कई गुना बढ़ गया है।   पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि यह उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। गणेश पंडालों के पास सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। 
माणिक्य नगर में 17वें साल भी गणेशोत्सव की धूम
शहर के माणिक्य नगर क्षेत्र में स्थित सब्जी मंडी गणेशोत्सव के उल्लास से सराबोर है। यहां पिछले 17 वर्षों से गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। बुधवार को भी शाम ढलते ही पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने गणपति के दर्शन के साथ-साथ डांडिया और गरबा का भी भरपूर आनंद लिया। महोत्सव के अध्यक्ष रोहित सेन और उपाध्यक्ष लखन सोनी ने बताया कि इस साल भी महोत्सव को भव्य रूप दिया गया है। पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग गणपति बप्पा के दर्शन करने आते हैं। शाम को महाआरती के बाद गरबा और डांडिया का आयोजन होता है, जिसमें स्थानीय लोग बढ़-चढक़र भाग लेते हैं। महोत्सव को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष मनोज सोनी और सूरज प्रजापत सहित पूरी आयोजन समिति जी-जान से जुटी हुई है। समिति के अन्य सदस्यों में अखिलेश व्यास, गणेश प्रजापत, ऋषभ पारीक, निर्मल सिंह हाडा, दीपक बोहरा, अनिल जांगिड़, बाबू प्रजापत, रतन चौहान, सोम कसारा, शिव प्रजापत, कपिल बाल्दी और पूषा लाल शामिल हैं।  रोजाना रात 8 बजे दीपक पंडित द्वारा आरती की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। 

अन्य सम्बंधित खबरे